टाटा माजदा में 600 किलो गांजा बरामद, महाराष्ट्र का तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद: महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करी के एक और नए तरीके को नाकाम करते हुए 600 किलो गांजा जब्त किया है। कंपनी के मशीनरी सामान के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा मादक पदार्थ की कीमत करीब 3 करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने महाराष्ट्र निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
काले त्रिपाल और कार्टन के बीच छिपाया था गांजा
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, थाना सिंघोड़ा क्षेत्र के मुरमुरी चौक पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स ने चेकिंग के दौरान लाल रंग की टाटा माजदा क्रमांक MH-46 CU/6060 को रोका। वाहन में बड़े-बड़े कार्टन रखे थे और ऊपर से काले त्रिपाल से ढंका था। जांच में कार्टन के बीच और पीछे छिपाकर रखी 24 प्लास्टिक बोरियों में 25-25 किलो कुल 600 किलो गांजा बरामद हुआ।
बौद्ध उड़ीसा से ठाणे ले जा रहा था खेप
गिरफ्तार आरोपी महबूब बादशाह शेख उम्र 65 वर्ष निवासी अंबरनाथ, जिला ठाणे महाराष्ट्र ने बताया कि वह गांजा उड़ीसा के बौद्ध जिले से लेकर ठाणे महाराष्ट्र खपाने जा रहा था। आरोपी से गांजा के अलावा वाहन, एक मोबाइल और 10 हजार नगदी भी जब्त की गई। कुल जब्ती 3 करोड़ 12 लाख 15 हजार रुपए की है।
नए-नए तरीके कर रही पुलिस फेल
महासमुंद पुलिस के अनुसार तस्कर अब तक एंबुलेंस, मूवर्स एंड पैकर्स, फल-सब्जी, कपड़ा फेरी, ट्रैवल्स वाहनों और गुप्त चैंबर बनाकर गांजा तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने सभी तरीकों को नाकाम किया है। अब अंदरूनी मार्गों पर भी एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स तैनात है। सोर्स प्वाइंट, डेस्टिनेशन प्वाइंट और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन पर काम हो रहा है।
एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज
आरोपी महबूब बादशाह शेख के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में धारा 20(B)(ii)(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पूरी कार्रवाई एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
जब्त संपत्ति:
- गांजा: 600 किलो, कीमत 3 करोड़ रुपए
- वाहन: टाटा माजदा, कीमत 12 लाख रुपए
- मोबाइल व नगदी: 15 हजार रुपए
- कुल: 3,12,15,000 रुपए




