05 आरोपी गिरफ्तार, शिक्षकों से की 10-12 करोड़ की ठगी
3 महीने की मेहनत के बाद अंबिकापुर, जशपुर, सारंगढ़ से दबोचे गए आरोपी
कोंडागांव। फरसगांव और केशकाल पुलिस को लोन दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले संगठित गिरोह को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कुल 05 आरोपियों को गिरफ्तार कर शिक्षकों से हुई करीब 10-12 करोड़ रुपये की ठगी का खुलासा किया है।
क्या था मामला
पिछले 3 महीनों से फरसगांव और केशकाल पुलिस गिरोह की पतासाजी में जुटी थी। प्रार्थियों ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपियों ने मल्टीपल बैंक से पर्सनल लोन दिलाने का झांसा देकर शिक्षकों से ठगी की।
- थाना फरसगांव अपराध क्र. 51/2026 – प्रार्थी संजय कोडोपी व अन्य 4 शिक्षकों से करीब 2 करोड़ की ठगी
- थाना फरसगांव अपराध क्र. 52/2026 – प्रार्थी अनंत कुमार निर्मलकर व 10 अन्य शिक्षकों से करीब 4 करोड़ की ठगी
- थाना केशकाल अपराध क्र. 38/2026 – प्रार्थी देवेन्द्र खवास व 20 अन्य शिक्षकों से 6 करोड़ 42 लाख 48 हजार 290 रुपये की ठगी
- थाना केशकाल अपराध क्र. 39/2026 – प्रार्थी योगेश्वर बैध व अन्य शिक्षकों से 1 करोड़ 57 लाख 68 हजार 213 रुपये की ठगी
ठगी का तरीका
पुलिस के अनुसार आरोपी शिवशंकर दास, दिलीप सोनी, श्यामसुंदर जांगडे ने 40-60 की मल्टीपल लोन स्कीम बनाई। वे वीरेन्द्र तिर्की, अंशुमान सिंह और बैंक एजेंटों के साथ मिलकर शिक्षकों को झांसे में लेते थे।
आरोपी शिक्षकों से अलग-अलग बैंकों में लोन के आवेदन करवाते, 6 माह की सैलरी स्लिप, आधार-पैन जमा कराते और एक साथ कई बैंकों से लोन पास करवाते। लोन की रकम में से 40% शिक्षक को देकर शेष 60% अपने खातों में ट्रांसफर कर लेते और कहते कि EMI वे 2-3 साल में भर देंगे। कई मामलों में आरोपियों ने पीड़ितों के फर्जी आधार कार्ड भी बनाकर पते बदल दिए।
एसबीआई, एचडीएफसी, एक्सिस, बैंक ऑफ बड़ौदा, आईसीआईसीआई, यस बैंक, आईडीएफसी, आईडीबीआई, चोलामंडलम, ग्रामीण बैंक सहित कई बैंकों की शाखाओं से लोन कराया गया। ठगी का शिकार कोंडागांव जिले के फरसगांव, केशकाल, बड़ेडोंगर, धनोरा, विश्रामपुरी क्षेत्र के 43 से अधिक शिक्षक हुए।
गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा IPS के निर्देशन और SDOP अभिनव उपाध्याय, SDOP अरुण नेताम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण और बैंक खातों की जांच के बाद टीमों ने दबिश दी।
- दिलीप सोनी और अंशुमान सिंह – 16.06.2026 और 22.06.2026 को अंबिकापुर से गिरफ्तार
- वीरेन्द्र तिर्की – 16.06.2026 को सन्ना, जशपुर से गिरफ्तार
- श्यामसुंदर जांगडे – कोसीर, सारंगढ़ से गिरफ्तार
- शिवशंकर दास – अंबिकापुर जेल में निरुद्ध, प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार
आरोपियों से मोबाइल, चेक बुक, पास बुक, एटीएम, लैपटॉप, डेस्कटॉप, रजिस्टर और डायरी जप्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी
- दिलीप कुमार सोनी, 45 वर्ष, निवासी नयापारा, अंबिकापुर
- शिवशंकर दास, 40 वर्ष, निवासी किशुनपुर, सरगुजा
- वीरेन्द्र तिर्की, 44 वर्ष, निवासी पत्थरागुडा, बड़ेडोंगर
- श्यामसुंदर जांगडे, 33 वर्ष, निवासी मुडवाभाठा, सारंगढ़
- अंशुमान सिंह, 28 वर्ष, निवासी सरकंडा, बिलासपुर हाल अंबिकापुर
पुलिस ने आरोपियों पर BNS और IPC की धारा 420, 467, 468, 471, 120B, 318(4), 336(3), 338, 340(2), 3(5), 34 के तहत कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।




