भिलाई नगर। विजयादशमी पर सेक्टर-7 हाई स्कूल दशहरा मैदान में सार्वजनिक दशहरा पर्व का भव्य आयोजन 20 अक्टूबर 2026 मंगलवार को होगा। युवा खेल एवं सांस्कृतिक मंडल भिलाई द्वारा 31वें वर्ष आयोजित इस उत्सव में 65 फीट के रावण और 50-50 फीट के कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। कार्यक्रम संध्या 6 बजे प्रारंभ होगा और रावण दहन रात 9 बजे होगा।
आयोजन की जानकारी देते हुए मंडल के आयोजक चन्ना केशवलू, अध्यक्ष प्रेमचंद देवांगन एवं कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि इस वर्ष मार्स द बैंड की संगीतमय प्रस्तुति और काकीनाडा, आंध्रप्रदेश की प्रसिद्ध आतिशबाजी व इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी विशेष आकर्षण रहेंगी। नागरिकों को परिवार सहित आमंत्रित किया गया है।
मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि
आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव, दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन तथा केडिया ग्रुप के वाइस चेयरमैन नवीन केडिया सम्मिलित होंगे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रम कल्याण बोर्ड छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रामजी भारती, जिला पंचायत दुर्ग अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, भाजपा जिलाध्यक्ष भिलाई पुरुषोत्तम देवांगन, बिसरा राम यादव, केडिया ग्रुप से शलभ केडिया और श्याम मूर्ति राजू उपस्थित रहेंगे।

8 हजार दर्शकों के लिए बैठक, तीन जगह निःशुल्क पार्किंग
आयोजन स्थल पर लगभग 8 हजार दर्शकों के लिए बैठने की व्यवस्था, पूरे मैदान में प्रकाश व्यवस्था, अग्निशामक यंत्र, मेडिकल टीम और सीसीटीवी निगरानी रहेगी। दर्शकों के वाहनों के लिए तीन स्थानों पर विशाल निःशुल्क पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा के लिए 60 से अधिक बाउंसर और 100 स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। आयोजकों ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े करें, बच्चों को साथ रखें और आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा घेरे में प्रवेश न करें।
आयोजक चन्ना केशवलू और अध्यक्ष प्रेमचंद देवांगन ने कहा कि दशहरा सत्य, साहस और सदाचार की विजय का पर्व है और 31 वर्षों से यह आयोजन नागरिकों की सहभागिता से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम – 20 अक्टूबर मंगलवार, संध्या 6 बजे प्रारंभ, रावण दहन रात 9 बजे, स्थान – सेक्टर-7 हाई स्कूल दशहरा मैदान, भिलाई



