पुलिस को सतर्कता और निष्पक्षता के साथ ड्यूटी के निर्देश, स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा परखी
राजनांदगांव: नगर पंचायत घुमका में 1 जून को होने वाले नगरीय निकाय निर्वाचन को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शुक्रवार को घुमका क्षेत्र का निरीक्षण किया। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने मतदान केंद्रों की भौतिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बिंदुओं, पहुंच मार्ग और संचार व्यवस्था का जायजा लिया। निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित संधारण के लिए बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम का भी निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।

पुलिस को दिए सख्त निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन अवधि में सतर्कता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करें। मतदान केंद्रों पर पर्याप्त बल तैनात करने, प्रभावी पेट्रोलिंग, असामाजिक तत्वों पर निगरानी और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा।
उन्होंने कहा कि शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी सुरक्षा उपाय पहले से सुनिश्चित किए जाएं। आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना रहे, यह सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।




