गुप्त पत्रों से धमकी, झूठे आरोप और कब्जा… सृष्टि कॉलोनी में बिगड़े हालात
राजनांदगांव। सृष्टि कॉलोनी में पिछले कुछ समय से अवैध कब्जे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कॉलोनी के अध्यक्ष और पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि सरकारी भूमि पर कब्जा जमाए दो से तीन परिवार न केवल दबंगई दिखा रहे हैं, बल्कि कॉलोनी के सदस्यों को गुप्त रूप से धमकियाँ भी दे रहे हैं। सदस्यों के नाम से शहर के थानों में झूठे और भ्रामक गुप्त पत्र भेजकर पुलिस प्रशासन को गुमराह करने की कोशिश भी की जा रही है।
कॉलोनी पदाधिकारियों का कहना है कि अवैध कब्जाधारियों द्वारा उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से पैसे की मांग और कॉलोनी में गुंडागर्दी जैसे बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। यही नहीं, कब्जाधारी खुलेआम यह कहते घूम रहे हैं कि “हमारा कोई कुछ नहीं कर सकता, हमारे पास पैसा है… पैसे से सब हो जाता है।” ऐसे बयान कॉलोनी में दहशत फैलाने के लिए दिए जा रहे हैं।

पूरी 160 परिवारों की कॉलोनी एकजुट होकर इन हरकतों का विरोध कर रही है। कॉलोनी के अध्यक्ष और सदस्यों ने मामले की शिकायत निगम आयुक्त और महापौर मधुसूदन यादव से की है। शिकायत के बाद वार्ड के पार्षद दुरेन्द्र साहू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया है कि सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई बाउंड्री वॉल को जल्द ही तोड़ा जाएगा और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
कॉलोनी वासियों का कहना है कि वे किसी भी प्रकार की तनातनी नहीं चाहते, लेकिन अवैध कब्जे करने वाले परिवारों का तानाशाही रवैया और पैसे के रुतबे का घमंड अब असहनीय हो चुका है। कॉलोनी के लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है ताकि सरकारी भूमि को मुक्त कराया जा सके और कॉलोनी में शांति बहाल रहे।




