Wednesday, July 29, 2026

रायपुर में सूखे नशे पर बड़ी कार्रवाई

बिना पर्ची नशीली दवाएं बेचने वाले 4 मेडिकल स्टोर सील
03 दर्जन से अधिक स्टोर्स की जांच, औषधि एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज

रायपुर। राजधानी में युवाओं में बढ़ते सूखे नशे (ड्राई ड्रग्स) के कारोबार पर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट और औषधि व प्रसाधन विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। बिना डॉक्टर की पर्ची के प्रतिबंधित दवाइयां बेचने के आरोप में शहर के 4 मेडिकल स्टोर सील कर दिए गए हैं।

03 दर्जन से अधिक मेडिकल स्टोर्स की जांच
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर मंगलवार 28.07.2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, संबंधित थाना पुलिस, औषधि निरीक्षक और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 03 दर्जन से अधिक मेडिकल स्टोर्स पर दबिश दी।

इस दौरान टेस्ट पर्चेसिंग कराकर जांच की गई। जांच में कई जगहों पर बिना प्रिस्क्रिप्शन के नशीली दवाओं की बिक्री के सबूत मिले।
ये 4 मेडिकल स्टोर हुए सील
पुलिस और औषधि विभाग की कार्रवाई में निम्न 4 मेडिकल स्टोर्स को सील किया गया:

  1. मां दुर्गा मेडिकोज – गोल चौक, थाना डी.डी. नगर
  2. आयुष मेडिकल – गुढियारी
  3. विश्वास मेडिकल – भनपुरी, थाना खमतराई
  4. उदय मेडिकल स्टोर – उरकुरा, थाना खमतराई
    कौन सी दवाएं मिलीं
    जांच में पाया गया कि उक्त मेडिकल स्टोर संचालक बिना वैध डॉक्टर की पर्ची के प्रतिबंधित दवाएं Pregabalin Capsules और Rexcof DX Syrup बेच रहे थे। इन दवाओं का दुरुपयोग युवाओं द्वारा नशे के रूप में किया जा रहा है।
    औषधि व प्रसाधन विभाग द्वारा चारों संचालकों के खिलाफ औषधि व प्रसाधन अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर स्टोर सील कराए गए हैं।
    पुलिस आयुक्त का सख्त संदेश
    पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं सायबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस कमिश्नरेट ने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों से अपील की है कि प्रतिबंधित एवं प्रिस्क्रिप्शन आधारित दवाओं का विक्रय केवल वैध डॉक्टर की पर्ची पर ही किया जाए
    पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोरों के खिलाफ ऐसी ही सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
    उद्देश्य: शहर में बढ़ते सूखे नशे पर अंकुश लगाकर युवाओं को नशे की लत से बचाना।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें