कक्षा आठवीं में प्रथम आने वाली छात्राएं दिव्या और तमन्ना सम्मानित
भिलाई। शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए सेवानिवृत्त प्रधान पाठक गंगेश कुमार सिन्हा ने एक प्रेरक पहल की है। उन्होंने अपनी दिवंगत पत्नी स्वर्गीय राजेश्री सिन्हा की स्मृति में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सेक्टर-11 खुर्सीपार में प्रतिवर्ष “स्व. राजेश्री सिन्हा प्रतिभा सम्मान” देने की शुरुआत की है।
प्रथम आने वाले छात्र को मिलेगा नगद पुरस्कार
इस सम्मान के तहत कक्षा आठवीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को एक हजार रुपये नगद पुरस्कार और स्मृति चिह्न प्रदान किया जाएगा। श्री सिन्हा का यह प्रयास विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने और उत्कृष्टता के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
18 साल तक सेक्टर-11 स्कूल में दी सेवाएं
उल्लेखनीय है कि गंगेश कुमार सिन्हा ने शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सेक्टर-11 खुर्सीपार में लगभग 18 वर्षों तक शिक्षक के रूप में सेवाएं दीं। इसके बाद वे प्रधान पाठक पद पर पदोन्नत होकर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला छावनी में पदस्थ रहे और वहीं से सेवानिवृत्त हुए।

दिव्या और तमन्ना को मिला पहला सम्मान
इस वर्ष शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सेक्टर-11 खुर्सीपार की छात्राएं दिव्या कुमारी और तमन्ना को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए पहला “स्व. राजेश्री सिन्हा प्रतिभा सम्मान” दिया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में दोनों छात्राओं को नगद पुरस्कार और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
पार्षद और शिक्षक रहे मौजूद
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद डी. सुजाता, गंगेश कुमार सिन्हा और विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक शिक्षिकाएं तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे। उपस्थितजनों ने श्री सिन्हा की इस पहल की सराहना की। इसे समाज में शिक्षा और संस्कारों को बढ़ावा देने वाला अनुकरणीय प्रयास बताया।
विद्यालय परिवार ने जताया आभार
विद्यालय परिवार ने गंगेश कुमार सिन्हा के प्रति आभार व्यक्त किया। उम्मीद जताई कि यह प्रयास आने वाले वर्षों में विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा और उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगा।

शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सेक्टर-11 खुर्सीपार में सेवानिवृत्त प्रधान पाठक गंगेश कुमार सिन्हा और वार्ड पार्षद डी. सुजाता छात्राएं दिव्या कुमारी और तमन्ना को स्व. राजेश्री सिन्हा प्रतिभा सम्मान प्रदान करते हुए।




