नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत, पाठ्यपुस्तक और गणवेश वितरित
दुर्ग। संकुल स्रोत केंद्र हथखोज, विकासखंड एवं जिला दुर्ग में सोमवार को संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर तथा पाठ्यपुस्तकों और गणवेश का वितरण कर आत्मीय स्वागत किया गया।
सरस्वती पूजन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन और वंदना के साथ हुआ। इसके बाद संकुल प्राचार्य मनोज मढ़रिया ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित किया। उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
शिक्षक-शिक्षिकाओं ने किया उत्साहवर्धन
इस अवसर पर संकुल समन्वयक रुस्तम सिंह, पुरुषोत्तम वर्मा, अक्लोरडीह शाला के प्रधान पाठक बेंदलाला लिल्हारे, धर्मराज सहारे, प्राथमिक शाला हथखोज की प्रधान पाठिका जयश्री भिते, रेखा देवी ठाकुर सहित संकुल के अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संकुल परिवार के सहयोग से हुआ संचालन
कार्यक्रम का सफल संचालन संकुल परिवार के सहयोग से संपन्न हुआ। अंत में सभी अतिथियों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया गया।




