Saturday, May 9, 2026

नवा रायपुर में 10 और 13 मई को आईपीएल का रोमांच, मुख्य सचिव ने संभाली तैयारियों की कमान

रायपुर: नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 10 और 13 मई को होने वाले टाटा आईपीएल टी-20 मैचों की तैयारियों को लेकर राज्य प्रशासन जुट गया है। मुख्य सचिव विकासशील ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में उच्चाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सुरक्षा, यातायात और बुनियादी सुविधाओं को लेकर कड़े निर्देश दिए।

10 मई को आरसीबी-मुंबई, 13 को आरसीबी-केकेआर
10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला होगा। 13 मई को आरसीबी का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। ऑनलाइन बुकिंग के बाद रायपुर पहुंचने वाली हजारों दर्शकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस कमिश्नर रायपुर को विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

सीसीटीवी और बैरिकेडिंग से चाक-चौबंद सुरक्षा
मुख्य सचिव ने कहा कि दर्शकों की सुरक्षा और सुगम यातायात प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पार्किंग एरिया और स्टेडियम के चारों ओर सीसीटीवी कैमरों का सघन जाल बिछाया जाएगा। बैरिकेडिंग और पार्किंग की जिम्मेदारी पुलिस, एनआरडीए और बीसीसीआई की संयुक्त टीम संभालेगी।

आपात सेवा के लिए डेडिकेटेड रूट
फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस के लिए डेडिकेटेड इमरजेंसी रूट चिन्हित किए जाएंगे। आयोजन के संचालन के लिए कलेक्टर रायपुर की अध्यक्षता में उच्च-स्तरीय कार्यकारिणी का गठन किया गया है। इसमें पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, आयुक्त नगर निगम, संचालक खेल एवं युवा कल्याण, आरटीओ और एनआरडीए के सीईओ शामिल हैं।

पानी-बिजली की निर्बाध आपूर्ति के निर्देश
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को स्टेडियम में पानी की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है। छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कंपनी को मैचों के दौरान निर्बाध बिजली देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने साफ किया कि संपूर्ण आयोजन का उत्तरदायित्व बीसीसीआई और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ का है। राज्य सरकार पेयजल, बिजली, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं में पूर्ण सहयोग देगी।

बैठक में लोक निर्माण सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, पीएचई सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक, खेल सचिव यशवंत कुमार, कलेक्टर गौरव सिंह सहित पुलिस, ऊर्जा, परिवहन, पर्यटन और सीएसपीडीसीएल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बीसीसीआई और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के प्रतिनिधियों ने भी तैयारियों की जानकारी दी।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें