00 बड़ी संख्या में विद्यार्थियों सहित विश्वविद्यालय के स्टाफ रहे मौजूद,
(यतेन्द्र जीत सिंह छोटू ब्यूरो चीफ जिला खैरागढ़)खैरागढ़ : राजकुमारी इन्दिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के कैंपस-02 स्थित नरेंद्र देव वर्मा प्रेक्षागृह में गुरुवार 20 अगस्त 2026 को साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से साइबर जागृति अभियान का आयोजन किया गया।। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं सहित शिक्षकगण, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा विधिवत दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।। इस अवसर पर लक्ष्य शर्मा पुलिस अधीक्षक जिला केसीजी, वेंकटरमन गुडे कुलसचिव राजकुमारी इंदिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़, डॉ. देवमाइत मिंज अधिष्ठाता छात्र कल्याण तथा विजय सिंह सहायक कुलसचिव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों का विश्वविद्यालय परिवार की ओर से पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।।

साइबर जागृति अभियान के मुख्य वक्ता लक्ष्य शर्मा पुलिस अधीक्षक जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों से साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार के संदिग्ध लिंक, कॉल, संदेश अथवा ऑनलाइन गतिविधि के प्रति सावधानी बरतने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक हमारे जीवन को सुविधाजनक बनाने के साथ-साथ अनेक प्रकार की साइबर चुनौतियां भी सामने ला रही है, इसलिए जागरूकता और सतर्कता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।।

कार्यक्रम के अन्य वक्ता कमलेश साइबर सेल खैरागढ़ ने साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों एवं उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला।। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया, ऑनलाइन बैंकिंग, डिजिटल भुगतान, ओटीपी, पासवर्ड तथा व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी।। साथ ही साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल संबंधित एजेंसी अथवा पुलिस से संपर्क करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।। कार्यक्रम में सुश्री उषा रानी एसडीओपी खैरागढ़, आशीष कुंजाम एसडीओपी खैरागढ़ तथा सत्यम सिंह चौहान थाना प्रभारी साइबर सेल खैरागढ़ सहित विश्वविद्यालय के अधिष्ठातागण, शिक्षकगण, अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।। कार्यक्रम में मुख्य रूप से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रबोध कुमार गुप्ता द्वारा किया गया।।

उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए साइबर जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला तथा उपस्थित विद्यार्थियों को अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया। साइबर जागृति अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में डिजिटल सुरक्षा को लेकर जागरूकता एवं जिम्मेदार ऑनलाइन व्यवहार की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।।




