बालोद। थाना बालोद क्षेत्र के सिंचाई कॉलोनी में युवती पर एसिड फेंकने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। जांच में खुलासा हुआ कि हमले की साजिश पीड़िता के कथित प्रेमी ने ही रची थी।
पुलिस के अनुसार पीड़ित युवती रोज की तरह लाइब्रेरी से घर लौट रही थी, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने उस पर एसिड फेंक दिया और तांदुला डैम की ओर भाग गया। चीख सुनकर पड़ोसी बाहर आए और परिजनों को सूचना देकर युवती को जिला अस्पताल बालोद पहुंचाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और एएसपी चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में एसडीओपी विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शहर के अलग-अलग सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने पीड़िता के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर, निवासी कुंदरूपारा बालोद को हिरासत में लिया। पहले वह पुलिस को मनगढ़ंत कहानियां सुनाकर गुमराह करता रहा, लेकिन कड़ाई से पूछताछ में उसने प्रेम संबंध स्वीकार किया और बताया कि युवती द्वारा शादी से इनकार करने पर उसने अपने स्कूल फ्रेंड करण कुंजाम निवासी भैरमगढ़ बीजापुर के साथ तीन महीने पहले ही एसिड अटैक की योजना बनाई थी।
आरोपियों ने 26 सितंबर को बालोद में मिलकर एसिड खरीदा और 27 सितंबर को गणेश झांकी के दौरान वारदात की योजना बनाई, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने से टाल दिया। इसके बाद 5 अक्टूबर को दोपहर 12:30 बजे यश के कहने पर करण ने युवती पर एसिड फेंका और तांदुला बांध की ओर भाग गया। वहां से लिफ्ट लेकर झलमला, मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा था।
पुलिस ने यश के निशानदेही पर करण कुंजाम को कोंडागांव से हिरासत में लिया। दोनों ने घटना में प्रयुक्त एसिड और कपड़ों की जानकारी दी है, जिसे जब्त कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी – 1. यश कुमार सोनकर पिता ईश्वर लाल सोनकर उम्र 20 वर्ष वार्ड नं. 11 ग्राम नेवारिकला जिला बालोद और 2. करण कुंजाम पिता दिनेश कुंजाम उम्र 20 वर्ष वार्ड नं. 15 भैरमगढ़ जिला बीजापुर हैं। दोनों पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, गुरुर थाना प्रभारी मुकेश सिंह, साइबर प्रभारी धरम भुआर्य, आरक्षक संजय सोनी और साइबर सेल टीम की अहम भूमिका रही।




