पाटन। जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक निरंतर अपनी सक्रिय जनसंपर्क भूमिका के माध्यम से क्षेत्र में सकारात्मक उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। वे सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए जनसरोकारों से सीधे जुड़ रही हैं।
इसी क्रम में कीर्ति नायक जामगांव में देवांगन समाज द्वारा आयोजित माँ परमेश्वरी जयंती समारोह में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने देवांगन समाज के लोगों को शुभकामनाएँ देते हुए माँ परमेश्वरी के आदर्शों, सामाजिक एकता एवं संस्कारों पर अपने विचार साझा किए।

तत्पश्चात वे गाड़ाडीह में आयोजित तीन दिवसीय संस्वर मानस गान प्रतियोगिता एवं मड़ई मिलन समारोह में सम्मिलित हुईं, जहाँ उन्होंने मड़ई पर्व की बधाई देते हुए भगवान श्रीरामचंद्र जी के जीवन से जुड़े आदर्शों, मर्यादा एवं सामाजिक समरसता पर प्रकाश डाला।
इसके पश्चात श्रीमती कीर्ति नायक शासकीय हाई स्कूल तर्रा में आयोजित वार्षिक उत्सव समारोह में पहुँचीं, जहाँ उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य, कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

इसके साथ ही वे ग्राम सिपकोना में आयोजित दो दिवसीय संस्वर मानस गान प्रतियोगिता में भी शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामवासियों एवं आयोजन समिति का आमंत्रण एवं सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त करते हुए धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों के महत्व को रेखांकित किया।
श्रीमती कीर्ति नायक की यह सक्रियता क्षेत्र में सामाजिक सहभागिता, सांस्कृतिक संरक्षण एवं जनसंवाद को सशक्त करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है।




