Friday, March 6, 2026

BSP में वर्ष 2023 में हुई औद्योगिक दुर्घटना के संदर्भ में जनसंपर्क विभाग ने रखा प्रबंधन का पक्ष, कार्य निष्पादन के दौरान घटित घटना से जुड़ा है मामला, प्रबंधन पुलिस को जांच में सहयोग देने प्रतिबद्ध

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट से संबंधित वर्ष 2023 की एक औद्योगिक दुर्घटना के संदर्भ में हाल में प्रकाशित समाचारों के संबंध में यह स्पष्ट किया जाता है कि संबंधित प्रकरण पूर्णतः आधिकारिक कार्य निष्पादन के दौरान घटित घटना से जुड़ा है। इसका किसी भी प्रकार से व्यक्तिगत आचरण या निजी कृत्य से कोई संबंध नहीं है।

उक्त घटना संयंत्र क्षेत्र में ठेका कार्य के दौरान हुई थी, जिसकी जानकारी तत्काल भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा संबंधित प्रशासनिक एवं वैधानिक प्राधिकारियों को दी गई थी। घटना के उपरांत प्रभावित कर्मियों को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई तथा निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार जांच कर आगे की कार्यवाही की गई।

इस संदर्भ में यह भी तथ्यात्मक रूप से स्पष्ट किया जाता है कि पुलिस द्वारा दर्ज किया गया प्रकरण जमानतीय (bailable) प्रकृति का है। संबंधित अधिकारियों — जिनमें सुशांत कुमार घोषाल, मुख्य महाप्रबंधक, एवं धीरेन्द्र कुमार कुशवाहा, शिफ्ट-इंचार्ज (यांत्रिकी) शामिल हैं — ने भिलाई भट्टी थाना में विधिसम्मत रूप से उपस्थिति दर्ज कराई। आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण किए जाने के पश्चात उन्हें उसी दिन थाना परिसर से ही निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन पुलिस द्वारा की जा रही जांच में पूर्ण सहयोग कर रहा है और कानून के शासन में पूर्ण विश्वास रखता है। यह उल्लेख करना भी प्रासंगिक है कि संयंत्र में औद्योगिक सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा प्रणालियों, कार्य-प्रक्रियाओं तथा ठेका कार्यों की निरंतर समीक्षा एवं सुदृढ़ीकरण हेतु आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

प्रबंधन दिवंगत कर्मी के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है तथा नियमानुसार हर संभव मदद प्रदान कर रहा है।
भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन मीडिया से अपेक्षा करता है कि मामले की रिपोर्टिंग तथ्यों के अनुरूप, संतुलित एवं जांच प्रक्रिया का सम्मान करते हुए की जाएगी।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें