अलंकार भिवगड़े मलेशियन चेस फेस्टिवल में चयनित होने वाले छत्तीसगढ़ के पहले अंतर्राष्ट्रीय निर्णायक
जिला शतरंज संघ दुर्ग ने भिवगड़े को दी बधाई
दुर्ग,भिलाई। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध शतरंज निर्णायक अलंकार भिवगड़े का चयन मलेशियन चेस फेस्टिवल 2025 में बतौर निर्णायक के रूप में हुआ है। यह उपलब्धि उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य से इस अंतर्राष्ट्रीय मंच पर चयनित होने वाले पहले निर्णायक के रूप में विशेष बनाती है। भिवगड़े ने इसके लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के महासचिव विनोद राठी का एवं अक्षत खंपरिया का विशेष आभार व्यक्त किया है।
चेस फेस्टिवल का 20वां संस्करण सितंबर 2025 में आयोजित होने जा रहा है, और यह दक्षिण-पूर्व एशिया का एक सबसे पुराना और सबसे बड़ा शतरंज उत्सव माना जाता है। यह आयोजन 12 से 21 सितंबर 2025 तक के एल गेटवे मॉल क़ुआलालंपुर में होगा। पिछले वर्ष लगभग 1,400 खिलाड़ियों ने भाग लिया था,जो फॉर्मेट की विविधता (क्लासिकल,रैपिड, ब्लिट्ज) और सभी आयु वर्गों व क्षमताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया था।
भिवगड़े शतरंज के क्षेत्र में एक अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी, अंतर्राष्ट्रीय निर्णायक (IA) एवं फिडे प्रशिक्षक (FIDE Instructor) हैं। उन्हें फिडे (FIDE) से अंतरराष्ट्रीय निर्णायक की उपाधि 2019, अस्ताना, कज़ाख़स्तान में, फिडे आर्बिटर 2016 में बाकू, अज़रबैजान में प्राप्त हुई थी, उन्हें सीनियर नेशनल आर्बिटर एवं फिडे इंस्ट्रक्टर जैसे प्रतिष्ठित खिताब प्राप्त हैं। वे छत्तीसगढ़ के एकमात्र ऐसे निर्णायक हैं जिनके पास इतने उच्चस्तरीय फिडे खिताबों के साथ-साथ 2152 की अंतर्राष्ट्रीय रेटिंग भी है।
उन्होंने शतरंज के क्षेत्र में निर्णायक, प्रशिक्षक और आयोजक के रूप में लगातार कार्य करते हुए छत्तीसगढ़ का राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व किया है। उनके द्वारा निभाई गई कुछ प्रमुख निर्णायक भूमिकाएँ इस प्रकार हैं –
• 44वीं फिडे वर्ल्ड शतरंज ओलंपियाड 2022 (चेन्नई) : इसमें 187 देशों के खिलाड़ी और टीमें शामिल हुईं। यह विश्व का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित शतरंज आयोजन माना जाता है। इस प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाना उनके करियर का ऐतिहासिक मील का पत्थर रहा।
• वर्ल्ड यूथ (U-16) शतरंज ओलंपियाड 2017 (अहमदाबाद)- में 25 देशों ने भाग लिया। यह विश्व के एक प्रतिष्ठित टूर्नामेंटों में से एक थी।
• कॉमनवेल्थ शतरंज चैम्पियनशिप 2017 (नई दिल्ली) : इसमें विभिन्न देशों से लगभग 300 खिलाड़ियों ने सहभागिता की। यह प्रतियोगिता विश्व के जानी-मानी टूर्नामेंटों में से एक थी।
• अनेक राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिताएँ, जिनमें वे निर्णायक एवं मुख्य निर्णायक के रूप में अपनी सेवाएँ दे चुके हैं।
उनके अनुभव और कार्यशैली से प्रभावित होकर प्रदेश शतरंज संघ ने उन्हें प्रदेश निर्णायक आयोग (आर्बिटर कमीशन) का अध्यक्ष भी नियुक्त किया है।इन अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों में निर्णायक की भूमिका निभाने के बाद अब उनका चयन मलेशियन चेस फेस्टिवल में हुआ है, जो न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि सम्पूर्ण भारत के लिए गर्व की बात है। उनके इस चयन से छत्तीसगढ़ के शतरंज खिलाड़ियों और नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी।
वर्तमान में वे नंदिनी खदानों में सहायक महाप्रबंधक (AGM) के पद पर कार्यरत हैं।अलंकार भिवगड़े को मलेशियन चेस फेस्टिवल में निर्णायक के रूप में चयनित होने पर समाजसेवी एवं संरक्षक कैलाश जैन बरमेचा,जिला शतरंज संघ दुर्ग के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत सचिव तुलसी सोनी उपाध्यक्ष दिनेश जैन, ललित वर्मा, मोरध्वज चंद्राकर, दिनेश नलोडे, एस के भगत सहसचिव संजय खंडेलवाल, हरीश सोनी सहित जवाहर सिंह राजपूत,जयंता दास,सीनियर नेशनल आर्बिटर अनिल शर्मा एवं शतरंज खिलाड़ियों ने बधाई देते हुए शुभकामनाएं व्यक्त की।




