Thursday, April 30, 2026

कु० उपमा सिन्हा ने रचा इतिहास, 10वीं बोर्ड में 97.17% अंक के साथ जिला टॉपर बनीं

डोंगरगढ़ : जिले के लिए गर्व का क्षण सामने आया है, जहां नगर पंचायत लालबहादुर नगर निवासी कु. उपमा सिन्हा ने कक्षा दसवीं की बोर्ड परीक्षा में 97.17 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उपमा की सफलता से क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है तथा हर ओर से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं।उपमा सिन्हा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। उनका कहना है कि उनके मार्गदर्शन, प्रेरणा और निरंतर सहयोग के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। उपमा ने बताया कि वह नियमित रूप से सुबह और शाम पढ़ाई करती थीं और समय का सही प्रबंधन ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी रहा। उन्होंने कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को अपनी सफलता का आधार बताया।

छात्रा उपमा का सपना भविष्य में डॉक्टर बनने का है। वह समाज की सेवा करना चाहती हैं और विशेष रूप से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के इलाज में योगदान देना चाहती हैं। उनकी इस सोच और संकल्प ने उन्हें अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना दिया है।
उपमा सिन्हा ने अन्य विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन और आशीर्वाद से ही सही दिशा मिलती है और वही हमें लक्ष्य तक पहुंचने में मदद करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत करने, लक्ष्य निर्धारित करने और सकारात्मक सोच बनाए रखने की अपील की।

उपमा की इस उपलब्धि पर समाज के विभिन्न वर्गों और संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। सिन्हा कलार समाज राजनांदगांव के जिला अध्यक्ष शिव डडसेना ने उपमा की सफलता को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष सोन कुमार सिन्हा ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि उपमा ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

इसके अलावा भाजपा मछुवारा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक दिनेश निषाद ने भी उपमा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उपमा भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी। समाजिक कार्यकर्ता पवन सिन्हा एवं गोवर्धन सिन्हा ने छात्रा को बधाई देते हुए उज्वल भविष्य की कामना की है ।उपमा सिन्हा की इस ऐतिहासिक सफलता ने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें