(यतेंद्र जीत सिंह “छोटू”)/खैरागढ़ : सण्डी लाईम स्टोन खनन क्षेत्र में प्रस्तावित श्री सीमेंट कंपनी की जनसुनवाई को लेकर ग्रामीणों में बढ़ता आक्रोश अब प्रशासन तक पहुँच गया है।।इसी मुद्दे की गंभीरता को देखते हुए खैरागढ़ विधानसभा की लोकप्रिय एवं सक्रिय विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार 02 दिसंबर को कलेक्ट्रेट पहुँचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।।
ज्ञापन में 11 दिसंबर को निर्धारित जनसुनवाई की तिथि आगे बढ़ाने की स्पष्ट मांग की गई है, ताकि ग्रामीणों की वास्तविक भावनाओं और समस्याओं को सुना जा सके।।साथ ही खनन परियोजना से संबंधित गाइडलाइन, जो अंग्रेज़ी में जारी की गई है, उसे ग्रामीणों की समझ हेतु हिंदी में उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।। 404 हेक्टेयर के विशाल क्षेत्र में प्रस्तावित इस खनन प्रोजेक्ट की उत्पादन क्षमता 3.34 मिलियन टन प्रतिवर्ष बताई गई है।। यही कारण है कि ग्रामीण शुरुआत से ही पर्यावरण, भू-जल स्तर, कृषि भूमि एवं स्थानीय जीवन पर संभावित प्रभावों को लेकर चिंतित हैं।। ग्रामीणों का कहना है कि खेती-किसानी के चरम सीजन में जनसुनवाई आयोजित करना अनुचित है।। अधिकांश किसान खेतों में व्यस्त रहते हैं, ऐसे में वे अपनी आपत्तियाँ और सुझाव समय पर प्रस्तुत नहीं कर पाएंगे।।
विधायक यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने कहा कि ग्रामीण इस समय कृषि कार्यों में पूरी तरह व्यस्त हैं। ऐसे संवेदनशील समय में जनसुनवाई रखने से न सिर्फ किसान अपनी बात रखने से वंचित होंगे, बल्कि बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए, शांति-व्यवस्था बनाए रखना भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है।। उन्होंने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तिथि आगे बढ़ाने की मांग की।।
ग्रामीण प्रतिनिधियों ने बताया कि परियोजना को लेकर गांवों में लगातार बैठकें हो रही हैं और लोग खुलकर अपने विरोध व आशंकाएँ व्यक्त कर रहे हैं।। उनका कहना है कि जनसुनवाई एक लोकतांत्रिक अधिकार है और इसे ऐसे समय में आयोजित किया जाना चाहिए जब सभी लोग उपस्थित होकर अपनी बात रख सकें।। ज्ञापन सौंपते समय वरिष्ठ कांग्रेसी नीलाम्बर वर्मा, सण्डी सरपंच कैलास वर्मा, तिलक मानसिंह, रोशन, हरिराम, नारायण वर्मा, तीजराम, खेलाम यादव, भोजराम सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।।




