Saturday, May 30, 2026

झीरम घाटी के शहीदों को दुर्ग में कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि

जिला अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल बोले- शहीदों का सपना था भयमुक्त-समृद्ध छत्तीसगढ़, उसे पूरा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि

दुर्ग: 25 मई 2013 को झीरम घाटी में हुए नक्सली हमले में शहीद कांग्रेस नेताओं को आज दुर्ग जिला कांग्रेस कमेटी ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल की उपस्थिति में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शहीदों की शहादत को नमन किया और दो मिनट का मौन रखकर आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।

‘लोकतंत्र पर कायरतापूर्ण प्रहार था झीरम’
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए अत्यंत भावुक और गंभीर है। झीरम घाटी का वह मंजर याद करके आज भी रूह कांप उठती है। वह केवल हमला नहीं था, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और छत्तीसगढ़ की शांति पर कायरतापूर्ण प्रहार था। लेकिन हमारे नेताओं ने पीठ नहीं दिखाई, वे लड़ते-लड़ते शहीद हो गए।

नंदकुमार पटेल और महेंद्र कर्मा को किया याद
बाकलीवाल ने कहा कि हम जनप्रिय नेता स्व. नंदकुमार पटेल की संगठनात्मक क्षमता और सौम्य मुस्कान को याद करते हैं। ‘बस्तर के टाइगर’ कहे जाने वाले स्व. महेंद्र कर्मा को नमन करते हैं, जिन्होंने बस्तर की जनता की सुरक्षा के लिए अंतिम सांस तक लड़ाई लड़ी। स्व. उदय मुदलियार के संघर्षशील जीवन को भी याद किया गया। उन्होंने कहा कि उस काली रात में शहीद हुए सभी नेता, सुरक्षा बल के जवान और कार्यकर्ताओं का बलिदान प्रदेश कभी नहीं भूलेगा।

‘शहीदों का सपना पूरा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि’
जिला अध्यक्ष ने कहा कि इन शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि सिर्फ फूल चढ़ाने से नहीं होगी। सच्ची श्रद्धांजलि तब मिलेगी जब हम उनके दिखाए रास्ते पर चलेंगे। उन्होंने जिस भयमुक्त, शांत और समृद्ध छत्तीसगढ़ का सपना देखा था, उसे पूरा करने के लिए हम खुद को समर्पित करें। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संकल्प लेने की अपील की कि शहीदों का सर्वोच्च बलिदान व्यर्थ नहीं जाने देंगे।

इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम की जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता नासिर खोखर ने दी।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें