Sunday, June 7, 2026

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना सामाजिक समरसता का माध्यम: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

बेमेतरा में सामूहिक विवाह समारोह में हुए शामिल, नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद; विधायक दीपेश साहू की बैलगाड़ी बारात बनी आकर्षण

बेमेतरा: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की।

‘योजना समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला रही’
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना समाज में समानता, सामाजिक समरसता, सादगी और सकारात्मक मूल्यों को सशक्त करने का प्रभावी माध्यम बन रही है। यह योजना बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने की दिशा में राज्य सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह आयोजन सामाजिक एकता और सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं। सीमित संसाधनों वाले परिवारों के लिए यह सम्मानजनक विवाह का अवसर दे रही है।

विधायक की बैलगाड़ी बारात बनी चर्चा का विषय
इस अवसर पर बेमेतरा विधायक दीपेश साहू भी वैवाहिक बंधन में बंधे। विधायक की पारंपरिक बैलगाड़ी में निकली बारात समारोह में आकर्षण का केंद्र रही। मुख्यमंत्री ने विधायक साहू के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहते हुए सामूहिक विवाह का हिस्सा बनना और सादगी से विवाह करना समाज के लिए प्रेरणादायी संदेश है। बैलगाड़ी में बारात निकालकर उन्होंने लोक परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों को सम्मान देने का उदाहरण पेश किया।

‘विवाह दो परिवारों का मिलन’
मुख्यमंत्री ने कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों, संस्कृतियों और सामाजिक मूल्यों का मिलन होता है। उन्होंने नवदंपतियों से कहा कि वैवाहिक जीवन विश्वास, प्रेम, सम्मान और पारस्परिक सहयोग की मजबूत नींव पर आगे बढ़ता है। मुख्यमंत्री ने प्रभु श्री राम से सभी नवदंपतियों के सुख, शांति, समृद्धि और मंगलमय दाम्पत्य जीवन की प्रार्थना की।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें