Sunday, April 19, 2026

आयुष्मान भारत… एमपैनल अस्पतालों द्वारा एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल

रायपुर। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कार्यरत अस्पतालों को सरकार द्वारा किए जाने वाले भुगतान पिछले कई महीनों से अत्यधिक लंबित हैं। इस लंबे भुगतान विलंब के कारण अस्पतालों की आर्थिक स्थिति गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है, जिससे मरीजों को समय पर एवं सुविधाजनक उपचार उपलब्ध कराना दिन-प्रतिदिन कठिन होता जा रहा है।

अस्पतालों को दवाइयों, स्टाफ वेतन, उपकरणों, जांच सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक सेवाओं के संचालन में भारी आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद अब तक इस समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं हो पाया है।

इसी के विरोध स्वरूप एवं शासन का ध्यान इस गंभीर विषय की ओर आकर्षित करने हेतु, जिले/राज्य के सभी आयुष्मान भारत एवं पैनल अस्पताल दिनांक 30 जनवरी 2026 (गुरुवार) को एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर रहेंगे।
इस दिन आयुष्मान भारत एवं पैनल योजनाओं के अंतर्गत सेवाएं अस्थायी रूप से स्थगित रहेंगी।

हड़ताल के दौरान सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी काले फीते (Black Ribbon) पहनकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराएंगे।

आईएमए स्पष्ट करना चाहते हैं कि यह कदम किसी भी प्रकार से मरीजों के विरुद्ध नहीं है, बल्कि समय पर भुगतान न होने के कारण उत्पन्न परिस्थितियों के विरुद्ध एक मजबूरी में उठाया गया कदम है। यदि शीघ्र भुगतान जारी नहीं किया गया, तो भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता बनाए रखना अत्यंत कठिन हो जाएगा।

अतः शासन एवं संबंधित विभागों से हमारी विनम्र किंतु दृढ़ मांग है कि लंबित भुगतान शीघ्र जारी किए जाएं, ताकि आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को बिना किसी व्यवधान के गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर उपलब्ध कराई जा सकें।

—आईएमए छत्तीसगढ

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें