दुर्ग। राजनीति के पुरोधा श्रद्धेय मोतीलाल वोरा जी के भांजे एवं पत्रकार राजेंद्र व्यास ‘ब्यासू’ का आज 8 जुलाई (बुधवार) को राजनांदगांव में निधन हो गया।
वे मोतीलाल वोरा जी के प्रिय भांजे थे और परिवार से उनका गहरा आत्मीय जुड़ाव था। उनके निधन को परिवार ने अपूरणीय क्षति बताया है। बचपन से परिवार के सभी सदस्यों के साथ उनका गहरा स्नेहपूर्ण संबंध रहा और उनकी आत्मीयता सभी के हृदय में सदैव बनी रहेगी।
इस दुःखद अवसर पर उनके छोटे भाई, पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, “राजेंद्र (ब्यासू)भैया का जाना हमारे पूरे परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। पिछले लंबे समय से वे बीमारी से संघर्ष कर रहे थे, लेकिन हर कठिन परिस्थिति का उन्होंने अद्भुत धैर्य और साहस के साथ सामना किया। हम सभी भाई-बहनों का बचपन उनके साथ बीता है। आज उनके जाने से परिवार का एक अभिन्न हिस्सा हमसे बिछड़ गया। उनकी स्नेहिल स्मृतियाँ सदैव हमारे हृदय में जीवित रहेंगी। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा समस्त शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
उनकी अंतिम यात्रा कल, 9 जुलाई को दोपहर 3:00 बजे* उनके निवास, हाउसिंग बोर्ड, लालबाग, राजनांदगांव से प्रारंभ होकर लखोली मुक्तिधाम पहुँचेगी, जहाँ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।




