Wednesday, July 22, 2026

स्व. बीरा सिंह की 69वीं जयंती पर समाज को सौगात

आर्य नगर कोहका में शुरू हुआ “बहुउद्देशीय प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार केंद्र”
माताओं-बहनों को निःशुल्क प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की पहल

भिलाई। सर्व कल्याण समाज के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह “छोटू” के पूज्य पिताजी स्व. बीरा सिंह की 69वीं जयंती के पावन अवसर पर रविवार को आर्य नगर कोहका स्थित सर्व समाज कल्याण समिति के कार्यालय में “बहुउद्देशीय प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार केंद्र” का शुभारंभ किया गया।

केंद्र का उद्घाटन माताजी कुलवंत कौर के कर-कमलों से हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में माताएं, बहनें और समाज के गणमान्यजन उपस्थित रहे।

उद्देश्य – आत्मनिर्भर बनें माताएं-बहनें
इस केंद्र के माध्यम से क्षेत्र की माताओं एवं बहनों को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने का प्रयास किया जाएगा। यहां सिलाई-कढ़ाई, दोना-पत्तल निर्माण, झाड़ू निर्माण, रुई बाती दीया निर्माण एवं अगरबत्ती निर्माण सहित विभिन्न स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे।

आयोजकों का कहना है कि प्रशिक्षण के बाद महिलाएं अपने कौशल को विकसित कर घर बैठे रोजगार शुरू कर सकेंगी और आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगी।

सेवा और समर्पण की प्रेरणा
सर्व कल्याण समाज के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू ने कहा कि स्व. बीरा सिंह का पूरा जीवन सेवा, समर्पण और समाज कल्याण के मूल्यों से प्रेरित रहा। उनके आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए यह पहल समाज के अंतिम व्यक्ति तक आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक आजीविका के अवसर पहुंचाने का एक विनम्र प्रयास है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण से ही समाज और राष्ट्र मजबूत बनता है। यह केंद्र इसी दिशा में उठाया गया कदम है।

कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वरोजगार के माध्यम से महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारेंगी, बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणा बनेंगी।

समारोह का समापन सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें