राजनंदगांव- छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता कमलजीत सिंह पिंटू ने प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित सुशासन तिहार पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे पूरी तरह दिखावटी आयोजन और शासकीय राशि का दुरुपयोग बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर सुशासन के बड़े-बड़े दावे कर रही है वहीं दूसरी ओर आम जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिये परेशान है।
वरिष्ठ प्रवक्ता पिंटू ने प्रेस विज्ञप्ति के जरीए बयान जारी करते हुए कहा कि सुशासन तिहार जैसे आयोजनों में लाखों रुपये खर्च किये जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर जनता को उसका कोई लाभ दिखाई नहीं दे रहा। आरोप लगाया कि यह पूरा कार्यक्रम केवल सरकारी उपलब्धियों का प्रचार करने और जनता का ध्यान वास्तविक समस्याओं से भटकाने का माध्यम बन गया है। जिले में आज भी कई सड़कें जर्जर स्थिति में हैं, कई गावों में पहुंच मार्ग तक नहीं है। शहरों में नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही, पेयजल की समस्या बनी हुई है तथा बिजली व्यवस्था ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार प्रभावित रहती है, इसके बावजूद सरकार सुशासन का उत्सव मनाकर अपनी पीठ थपथपा रही है।
पिंटू ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में जनता के हित में कार्य करना चाहती है, तो सबसे पहले स्थानीय समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए, आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सुशासन तिहार के नाम पर अनावश्यक कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं में व्यस्त रखा जा रहा है, जिससे आम कामकाज प्रभावित हो रहा है। जनता अब केवल घोषणाएं और प्रचार नहीं बल्कि धरातल पर विकास कार्य देखना चाहती है। उन्होंने सरकार से मांग किया कि शासकीय धन का उपयोग जनहित के कार्यों में किया जाये ना कि केवल आयोजन और प्रचार-प्रसार में। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के हितों को लेकर आवाज उठाती रही है और आगे भी आम नागरिकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाती रहेगी। वहीं उन्होंने प्रशासन से पारदर्शिता के साथ कार्य करने और जनता की वास्तविक समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की अपील किया है।




