Saturday, May 9, 2026

गांवों में सड़क व शिक्षा सुविधाओं से बढ़ेगा विकास – विक्रांत सिंह

खैरागढ़: छुईखदान ब्लॉक अंतर्गत ग्राम आमाघाटकादा में स्वामी विवेकानंद मेमोरियल स्कूल का उद्घाटन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य ललित चोपड़ा ने की। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत सूराडबरी में सीसी रोड निर्माण एवं प्राथमिक स्कूल में प्रार्थना शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह ने कहा कि गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से लोगों की दैनिक जिंदगी आसान होगी। विशेष रूप से सीसी रोड बनने से आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।

उन्होंने प्राथमिक स्कूल में प्रार्थना शेड निर्माण की स्वीकृति के लिए शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और विकास को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है। केसीजी जिले में हायर सेकंडरी, हाईस्कूल एवं कई प्राथमिक स्कूलों में प्रार्थना शेड निर्माण की स्वीकृति मिलना इसका स्पष्ट उदाहरण है। आने वाले समय में और भी स्कूलों के लिए ऐसी स्वीकृति मिलेगी।

विक्रांत सिंह ने आगे कहा कि स्कूल में प्रार्थना शेड बनने से विद्यार्थियों को प्रार्थना सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी। इससे बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने राज्य सरकार द्वारा आयोजित सुशासन तिहार का उल्लेख करते हुए बताया कि इस आयोजन के माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रख सकते हैं और हर आवेदन का निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने विकास कार्यों की स्वीकृति दिलाने पर विक्रांत सिंह का आभार जताया। इस अवसर पर जनपद पंचायत सदस्य ज्योति जंघेल, आयश सिंह, दिवाकर सोनी, सुरेंद्र जंघेल, बलराम जंघेल, देवकुमार सेन, हरप्रसाद वर्मा, पूर्णाचंद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें