उतई। उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत पाँच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई जघन्य एवं शर्मनाक घटना तथा प्रदेश में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में आज दिनांक 12 अप्रैल 2026 को उतई के मिनी माता चौक में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के तत्वावधान में व्यापक विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया।
जिला कांग्रेस कमेटी, दुर्ग (ग्रामीण) के राकेश ठाकुर की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेसजनों एवं आम नागरिकों ने सैकड़ों की संख्या में शामिल होकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार आक्रोश व्यक्त किया। कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित जनसमूह ने “न्याय दो, न्याय दो”, “बेटी के दोषियों को फांसी दो” जैसे नारों के साथ पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन किया गया। प्रशासन द्वारा संभावित स्थिति को देखते हुए पहले से ही भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था, साथ ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, बावजूद इसके कांग्रेसजन अपने विरोध प्रदर्शन में सफल रहे और पुतला दहन कर सरकार की नीतियों के प्रति अपना तीखा विरोध दर्ज कराया।

इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि उतई सहित पूरे क्षेत्र में अवैध शराब की खुलेआम बिक्री हो रही है, जिसके चलते आपराधिक गतिविधियों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही और निष्क्रियता के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। नेताओं ने मांग की कि अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल प्रभाव से पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
नेताओं ने यह भी कहा कि मासूम बच्ची के साथ हुई यह घटना केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। ऐसी घटनाएं प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव न्याय दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष करेगी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही दोषियों की गिरफ्तारी कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा नहीं दी गई और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी आने वाले दिनों में और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिला कांग्रेस की सदस्याएं, युवा कांग्रेस के साथी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में अन्याय के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करते हुए पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की।
इस दौरान जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, करीम खान, कमलेश साहू, उमेश साहू, प्रहलाद वर्मा, डिकेंद्र हिरवानी, नेता प्रतिपक्ष द्वारिका साहू, राकेश हिरवानी, उमेश बंजारे, भावेश साहू, धनंजय, मुकेश साहू, टीकम धोंडे, अरुण वर्मा, दिवाकर गायकवाड, अभिषेक जांगड़े, सुमित घोष, प्रीतम देशमुख, गौरव साहू, तिलेश्वर साहू, प्रेम नारायण साहू, घनश्याम गजपाल, पिलेश्वर साहू, सुरता सिंगर, गजेंद्र, शैलेंद्र, धर्मेंद्र बंजारे, सत्य प्रकाश कौशिक, कैलाश देवांगन, पीलेश्वर साहू, शुभम बंभोले सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे ।




