Sunday, April 19, 2026

10 से 16 फरवरी तक होगा श्री रुख्खड़ स्वामी महोत्सव 2026

महामृत्युंजय यज्ञ, महाशिवरात्रि विशेष पूजा और मेगा स्वास्थ्य शिविर होंगे मुख्य आकर्षण,

खैरागढ़ : श्री रुख्खड़ स्वामी मंदिर परिसर में आगामी मंगलवार 10 फरवरी से सोमवार 16 फरवरी 2026 तक सात दिवसीय श्री रुख्खड़ स्वामी महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है।। इस महोत्सव के अंतर्गत धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं जन-जागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।।

इस संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में ट्रस्ट के अध्यक्ष रामकुमार सिंह ने श्री रुख्खड़ स्वामी मंदिर के ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी।। उन्होंने बताया कि यह मंदिर तपस्वी संत श्री रुख्खड़नाथ स्वामी जी की तपोभूमि रही है और वर्षों से आस्था, साधना और सेवा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।। अध्यक्ष ने यह भी बताया कि मंदिर से जुड़ी अनेक चमत्कारिक घटनाएं प्रचलित हैं।। इसी कड़ी में उन्होंने बिलासपुर से आए एक भक्त के साथ घटित चमत्कारिक घटना का उल्लेख किया, जिसके बाद श्रद्धालुओं की आस्था और अधिक प्रबल हुई है।।

कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत
पत्रकार वार्ता में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष भागवत शरण सिंह ने संपूर्ण महोत्सव कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि महोत्सव के दौरान महामृत्युंजय यज्ञ, दिव्य महारुद्राभिषेक, श्री हनुमंत महाअभिषेक, नाम संकीर्तन, भजन संध्या, गीता सार प्रवचन, धर्म ध्वज वाहक सम्मान सहित कई धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन संपन्न होंगे।।
उन्होंने बताया कि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर रात्रिकालीन प्रहर पूजा एवं अखंड अभिषेक का आयोजन किया जाएगा, जबकि 16 फरवरी को यज्ञ पूर्णाहुति के साथ विशाल भोग, प्रसादी वितरण एवं सामाजिक सरोकार से जुड़ा मेगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा।।

मेगा स्वास्थ्य शिविर में निःशुल्क कैंसर जांच
उपाध्यक्ष भागवत शरण सिंह ने विशेष रूप से जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार 16 फरवरी 2026 को आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आम नागरिकों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की जाएगी।। शिविर में विशेष रूप से कैंसर की प्रारंभिक जांच निःशुल्क की जाएगी, जिससे ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों को समय रहते स्वास्थ्य परामर्श मिल सकेगा।।

धार्मिक शोभायात्रा व बाइक रैली भी आयोजन में शामिल
महोत्सव के दौरान कलश यात्रा, विशाल बाइक रैली, नगर भ्रमण करती भव्य शोभायात्रा, धार्मिक झांकियां एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित होंगी, जो आयोजन को और भव्य स्वरूप प्रदान करेंगी।।
पत्रकार वार्ता में ये रहे उपस्थित
पत्रकार वार्ता में ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष लाल सागर सिंह, महंत प्रमोद गिरी गोस्वामी, सहयोगी गण श्रेयांश सिंह, उत्तम दशरिया सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।।आयोजन समिति ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं, सामाजिक संगठनों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म, साधना, सेवा एवं जन-जागररण के इस महोत्सव को सफल बनाएं।।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें