आवारा कुत्तों के हमले की आशंका, इलाके में मचा हड़कंप
वन विभाग ने लिया कब्जे में, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज
खैरागढ़/(यतेंद्र जीत सिंह “छोटू” जिला ब्यूरो चीफ खैरागढ़) :जंगल से भटककर शहर की आबादी में पहुँची एक मादा हिरण की संदिग्ध मौत से दाऊचौरा वार्ड क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सोमवार शाम करीब 5 बजे वार्ड क्रमांक 17 दाऊचौरा स्थित सारथी पारा, आमनेर नदी मुक्तिधाम के पास मादा हिरण मृत अवस्था में पाई गई।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

नदी में पानी पीते देखे जाने की जानकारी, कुत्तों के हमले की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मादा हिरण जंगल से भटककर शहर की सीमा में आ पहुँची थी और आमनेर नदी में पानी पी रही थी। इसी दौरान उस पर आवारा कुत्तों के हमले की आशंका जताई जा रही है, जिससे उसकी मौत होने की संभावना है।
हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है और मामला संदिग्ध बना हुआ है।

सूचना मिलते ही हरकत में आया वन विभाग
स्थानीय नागरिकों द्वारा हिरण को मृत अवस्था में देखे जाने के बाद तत्काल खैरागढ़ वन मंडल को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
वन विभाग ने क्षेत्र को सुरक्षित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मंगलवार सुबह होगा पोस्टमार्टम, खुलेगा मौत का रहस्य
वन विभाग द्वारा मादा हिरण का मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद ही उसकी मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
वन अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
शहर में वन्यजीव की मौजूदगी से लोगों में चिंता
शहर की आबादी में इस तरह वन्यजीव का प्रवेश और उसकी मौत की घटना से लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग से जंगल क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और आवारा कुत्तों पर नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



