भिलाई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर पूरे देश में आयोजित हो रही हिंदू सभाओं की श्रृंखला में सेक्टर-04 ए मार्केट स्थित सर्वेश्वर धाम मंदिर के सामने एक भव्य हिंदू सभा एवं सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह आयोजन केवल सभा तक सीमित न रहकर पर्व के रूप में मनाया गया, जिसमें समाज की सांस्कृतिक, धार्मिक और पारिवारिक एकता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक रंगोली प्रतियोगिता से हुई, जिसमें मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात क्षेत्र के वरिष्ठ गणों का सम्मान किया गया, जिससे समाज में संस्कार, अनुभव और परंपरा के प्रति सम्मान की भावना सुदृढ़ हुई। शाम होते-होते आयोजन भजन संध्या में परिवर्तित हो गया, जहां भक्तिमय गीतों और मंत्रोच्चार से संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।
इस हिंदू सभा में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा, संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता दिलेश्वर उमरे, पंडित श्री आदित्य प्रसाद पाठक सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संघ के शताब्दी वर्ष को समाज के लिए आत्मचिंतन, संगठन और सेवा का संकल्प वर्ष बताते हुए अपने विचार रखे।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय ने कहा कि संघ का शताब्दी वर्ष केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि समाज को संगठित कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर है। वहीं बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा ने मातृशक्ति की भूमिका को समाज की आधारशिला बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में सेक्टर-04 के सभी वरिष्ठ गण, मातृशक्ति एवं स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। आयोजन को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह देखने को मिला और लोगों ने इसे समाज को जोड़ने वाला, प्रेरणादायक और संस्कारों से परिपूर्ण आयोजन बताया।
संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित यह हिंदू सभा सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक एकजुटता और राष्ट्रीय भाव के संगम के रूप में यादगार बन गई।




