अडानी को फायदा पहुंचाने सरकार अत्याचारी बन गई
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि रायगढ़ के आदिवासी अपनी घर और जमीन छीनेजाने के डर से, कल से अभी तक अपने बच्चों को गोद में लिए कल से बिना खाना खाये, चना-मुर्रा खाकर कलेक्ट्रेट के सामने सोने को मजबूर हैं। इनकी बस इतनी माँग है की धरमजयगढ़ के अडानी कोल ब्लॉक उरूंगा में 11 तारीख़ को होने वाली जनसुनवाई को निरस्त किया जाये। आप अपने आप को जनजातीय मुख्यमंत्री बताकर, मुख्यमंत्री निवास के मखमली बिस्तर पर गहरी नींद में सो रहे हैं, दूसरी तरफ़ रायगढ़ के आदिवासी अपनी ज़मीन और घर को बचाने इस कड़कड़ाती ठण्ड में सड़क पर हज़ारों आदिवासी सोने को मजबूर हैं। कांग्रेस सरकार से मांग करती है कि सरकार जन भावनाओं की कद्र करे यह आबंटन रद्द करे अन्यथा कांग्रेस इस आंदोलन को पूरे प्रदेश में फैलाएगी।
जो लोग आजादी की लड़ाई का विरोध करते थे आज वंदे मातरम की वर्ष गांठ मना रहे
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार और राज्य सरकार आज से वंदे मातरम की 150 वी वर्षगांठ मना रही है। अच्छी बात हैं, लेकिन भाजपा को इस कार्यक्रम के साथ ही देश की आजादी की लड़ाई के विरोध के लिए देश की जनता से माफी भी मांगना चाहिए। वंदेमातरम आजादी की लड़ाई का अग्र गीत था, आजादी के परवाने वन्देमातरम गीत गागा के अंग्रेजी हुकूमत का विरोध करते थे। जब देश आजादी की लड़ाई लड़ रहा था तब भाजपा के पितृ संगठन के लोग मुस्लिम लीग के साथ मिल कर अंग्रेजी सरकार की चाटुकारिता करते थे। आरएसएस के उस समय के सभी नेताओं ने आजादी की लड़ाई का विरोध किया था। आर एसएस का मूलतः गठन 1925 में हुआ देश आजाद 1947 में हुआ इन 22 सालों में देश की आजादी की लड़ाई में इनका क्या योगदान था भाजपा बताए ।अंग्रेजों की चाटुकारिता करने वाले किस नैतिकता से वंदे मातरम की वर्षगांठ मना रहे।
निजी ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने आबकारी नीति बदलने का प्रस्ताव
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि खबरे छपी है कि सरकार आबकारी नीति बदल कर शराब दुकानें निजी ठेकेदारों को सौंपने जा रही है। भाजपा की ही सरकार ने शराब का सरकारीकरण किया था, भाजपा ही फिर निजीकरण करने जा रही। इस बदलाव के पीछे का कारण क्या है सरकार और भाजपा स्पष्ट करे? निजी ठेकेदारों से लेनदेन करके शराब नीति बदली जा रही है। विपक्ष में रह कर पूर्ण शराबबंदी की मांग करने वाले नीति बदली करके पूर्ण शराबबंदी क्यों नहीं लागू करते?
साय सरकार अलोकतांत्रिक है
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि साय सरकार का चरित्र आलोकतांत्रिक हो गया है सरकार की कमियों को उजागर करने वालो को प्रताड़ित किया जा रहा। स्कूल खुले पांच महीने हो गए स्कूलों में छमाही परीक्षा शुरू होने वाली है। तीन महीने बाद शिक्षा सत्र खत्म हो जाएगा लेकिन अभी तक स्कूलों में किताबें नहीं पहुंची है। इस मामले को धमतरी के एक शिक्षक ने अपने सोशल मीडिया पर लिख दिया तो उनको निलंबित कर दिया। सहायक शिक्षक ढालु राम ने गलत क्या लिखा है, उन्होंने सरकार को आईना दिखाया है, जो जिम्मेदार है, चाहे मंत्री, कलेक्टर या डीईओ उनके तनख्वाह काटने की मांग की है। राज्योत्सव में करोड़ों खर्च करने वाली सरकार बच्चों को किताब नहीं दे पा रही तो सवाल उठेंगे ही।
आज से कांग्रेस का नेशनल टेलेंट हंट कार्यक्रम छत्तीसगढ़ में
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस पार्टी नेशनल टैलेंट हंट कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इस कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी देश के युवाओं को जो कांग्रेस की रीति नीति विचारधारा में भरोसा रखती है उनको मंच प्रदान करेगी। उनमें क्षमता होगी तो जिले से लेकर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर प्रवक्ता बनने का मौका मिलेगा। छत्तीसगढ़ में भी हम प्रतिभाशाली युवाओं से आवेदन करने के लिए आमंत्रित करते है आज से पंद्रह दिनों तक ऑन लाइन आवेदन कर के कोई भी युवा इस अवसर का लाभ ले सकता है।
सोशल मीडिया में खबर चल रही है
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सोशल मीडिया में खबर चल रही है कि आरटीआई से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जो पीडब्ल्यूडी मंत्री भी है, अरूण साव ने अपने भांजे बेमेतरा निवासी तुषार साहू के तेरहवीं में खर्च हुए 90 लाख रू. पीडब्ल्यूडी विभाग से करवाया है। खर्च का मद मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में खर्च बताया जा रहा। मुख्यमंत्री उस दिन बेमेतरा में केवल अरूण साव के भांजे की तेरहवीं में शामिल हुए थे। निजी कार्यक्रम में सरकारी धन कैसे खर्च किया जा सकता है? मुख्यमंत्री और अरूण साव जवाब दें।




