दुर्ग। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग (छ०ग०) द्वारा महिला सशक्तिकरण की भावना को प्राथमिकता देते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इसके अंतर्गत महिला पैरालीगल वालेंटियर को सिटी कोतवाली, दुर्ग में विशेष रूप से नियुक्त किया गया है, ताकि महिला संबंधी प्रकरणों में पीड़िताओं को समय पर विधिक सहायता, परामर्श एवं सहयोग उपलब्ध कराया जा सके।
महिला पैरालीगल वालेंटियर की नियुक्ति का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी प्रदान करना, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, दहेज प्रताड़ना, साइबर अपराध एवं अन्य महिला संबंधी प्रकरणों में उन्हें सशक्त बनाना है, जिससे थाने में आने वाली महिलाओं को कानूनी जानकारी सहज रूप से उपलब्ध हो सके, उनकी समस्याओं को संवेदनशील दृष्टिकोण से सुना जा सके तथा मध्यस्थता, परामर्श एवं विधिक सहायता की प्रक्रिया में उन्हें सहयोग प्राप्त हो।
महिला पैरालीगल वालेंटियर सिटी कोतवाली में उपस्थित रहकर पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को सुनेंगी, उन्हें आवश्यकतानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से जोड़ेंगी तथा उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करेंगी।
महिला पैरालीगल वालेंटियर की नियुक्ति से महिला संबंधी मामलों के त्वरित निराकरण और पीड़िताओं को आत्मविश्वास दिलाने में मदद मिलेगी। यह कदम महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त पहल है। उक्त पहल से समाज के कमजोर वर्गों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों तक न्याय सुलभ हो सकेगा।




