छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता थर्मल पावर प्लांट हादसे को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। अब इस भीषण दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है, और प्रशासन द्वारा 17 लोगों की नामों की सूची जारी कर दी गई है।
मंगलवार दोपहर हुए बॉयलर ब्लास्ट में कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए थे। शुरुआती दौर में मौतों की पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन अब आधिकारिक तौर पर 17 मौतों की पुष्टि के साथ मृतकों के नाम सामने आ चुके हैं।
जारी सूची में शामिल सभी मृतकों की पहचान कर ली गई है, और परिजनों को इसकी सूचना दी जा रही है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं, दर्जनों मजदूर अब भी घायल हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों का इलाज रायगढ़ और आसपास के अस्पतालों में जारी है।
घटना के बाद से ही पुलिस, दमकल और प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। मौके पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजा और बेहतर इलाज की मांग की है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आगे की जानकारी जल्द साझा की जाएगी।




