00 कांग्रेस -भाजपा के दिग्गजों के चेहरे पर मायूसी,
00 अध्यक्ष पद पहले ही अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित, अब वार्ड आरक्षण के बाद चुनावी दावेदारों की सक्रियता बढ़ने के आसार,
(यतेन्द्र जीत सिंह छोटू ब्यूरो चीफ जिला खैरागढ़)
खैरागढ़. आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर सोमवार को वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही चुनावी तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई।। नगर पालिका अध्यक्ष का पद पहले ही अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित किया जा चुका है। इसके बाद अब नगर पालिका क्षेत्र के सभी 20 वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में चार चरणों में पूरी की गई। प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल की मौजूदगी में हुई प्रक्रिया के दौरान विभिन्न वर्गों के लिए वार्डों का आरक्षण लॉट के माध्यम से तय किया गया।
आरक्षण प्रक्रिया के दौरान अपर कलेक्टर सुरेन्द्र ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुमन राज, डिप्टी कलेक्टर पूजा पिंचा, देवेश साहू, एसडीएम अविनाश ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, उपाध्यक्ष रज्जाक खान,जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कोमल दास साहू सहित प्रमुख राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।।
पहले चरण में तीन वार्ड एससी के लिए आरक्षित
पहले चरण में वार्ड क्रमांक 14 संत रविदास वार्ड सोनेसरार, 15 सुभाष चंद्र बोस वार्ड अमलीडीह खुर्द और 20 सिविल लाइन खम्हरिया के आरक्षण की प्रक्रिया हुई।। इन वार्डों में अनुसूचित जाति वर्ग की जनसंख्या अधिक होने के कारण तीनों वार्ड अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किए गए।। इनमें से एक वार्ड अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित किया जाना था।। इसके लिए लॉट निकाला गया, जिसमें वार्ड क्रमांक 20 सिविल लाइन /खम्हरिया की पर्ची निकली।। इस तरह वार्ड 20 अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित हुआ, जबकि वार्ड 14 और 15 अनुसूचित जाति मुक्त रहे।।

वार्ड 4 राज फैमली अकेला एसटी वार्ड, स्वतः हुआ आरक्षित
दूसरे चरण में अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षण हुआ।। नगर पालिका क्षेत्र में वार्ड क्रमांक 4 राजफैमिली ही ऐसा वार्ड था, जहां अनुसूचित जनजाति वर्ग की आबादी के आधार पर आरक्षण का प्रावधान बना।। इसलिए वार्ड क्रमांक 4 अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए स्वतः आरक्षित हो गया।।
ओबीसी के छह वार्ड आरक्षित, दो महिलाओं के लिए
तीसरे चरण में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षण की प्रक्रिया की गई।। इसके लिए संबंधित 13 वार्डों 1, 2, 3, 6, 7, 8, 9, 10, 11, 12, 13, 16, 17 और 19 में लॉट प्रक्रिया अपनाई गई।। इसमें छह वार्ड ओबीसी के लिए आरक्षित हुए।। इनमें वार्ड 2 रानी अवंती बाई वार्ड पिपरिया, वार्ड 3 गंजीपारा, वार्ड 6 बरेठपारा, वार्ड 8 तुरकारीपारा (महिला), वार्ड 17 दाऊचौरा (महिला)और वार्ड 19 गोकुलनगर शामिल हैं।। इनमें से पुनः लॉट प्रक्रिया के जरिए वार्ड 8 तुरकारीपारा और वार्ड 17 दाऊचौरा ओबीसी महिला के लिए आरक्षित किए गए। शेष वार्ड 2, 3, 6 और 19 ओबीसी मुक्त रहे।

चार वार्ड अनारक्षित महिला, छह अनारक्षित मुक्त
चौथे और अंतिम चरण में अनारक्षित वर्ग के लिए बचे 10 वार्ड 1, 5, 7, 9, 10, 11, 12, 13, 16 और 18 शामिल रहे। इनमें लॉट प्रक्रिया से वार्ड क्रमांक 1 पिपरिया, वार्ड 10 गुरु घासीदास वार्ड लालपुर, वार्ड 16 शहीद निकेश यादव वार्ड दाऊचौरा और वार्ड 18 डॉ. भीमराव अंबेडकर वार्ड अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित हुए।।शेष वार्ड 5 ठाकुरपारा, 7 महावीर स्वामी वार्ड गोलबाजार, 9 इतवारी बाजार, 11 शीतला मंदिर वार्ड किल्लापारा/धरमपुरा, 12 अमलीपारा और 13 दीनदयाल उपाध्याय वार्ड धनेली अनारक्षित मुक्त रहे।
इस आरक्षण के साथ अब नगर पालिका के 20 वार्डों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अनारक्षित वर्ग की तस्वीर स्पष्ट हो गई है। अध्यक्ष पद के अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित होने और अब चार अनारक्षित महिला वार्डों के सामने आने से आगामी निकाय चुनाव में महिला दावेदारों की सक्रियता बढ़ने की संभावना है।।आरक्षण की तस्वीर साफ होते ही राजनीतिक दलों में संभावित प्रत्याशियों को लेकर समीकरण साधने का दौर भी तेज होने के आसार हैं।।




