Sunday, April 19, 2026

सोमनी थाना परिसर में ग्राम सरपंचों की महत्वपूर्ण बैठक, अपराध रोकथाम पर गहन मंथन..

क्षेत्र में कानून–व्यवस्था को मजबूत करने पुलिस–प्रशासन एकजुट….

सोमनी। थाना सोमनी क्षेत्र में कानून–व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने हेतु आज 29 नवंबर को सोमनी थाना परिसर में ग्राम पंचायतों के सभी सरपंचों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने ग्राम सरपंचों को गांवों में होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने, अवैध कार्यों को रोकने तथा नशाखोरी के खिलाफ सामूहिक लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। पुलिस ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए समुदाय का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।

थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव ने सरपंचों से अपील करते हुए कहा कि—
“गांवों में कानून व्यवस्था मजबूत रखने के लिए थाना और पंचायत के बीच समन्वय आवश्यक है। आप सभी समय–समय पर गांव में होने वाली गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें, जिससे अपराधों का समय रहते नियंत्रण किया जा सके।”

बैठक के दौरान सरपंचों ने अपने-अपने ग्राम पंचायतों की समस्याओं, नशे की बढ़ती गतिविधियों, अवैध शराब, युवाओं में अपराध प्रवृत्ति, तथा रात्रि गश्त बढ़ाने की जरूरत जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। सभी समस्याओं को सुनने के बाद थाना प्रभारी ने उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया।

पुलिस अधिकारियों ने ग्राम स्तर पर—

  • चौकसी बढ़ाने,
  • संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी साझा करने,
  • अवैध गतिविधियों की रोकथाम,
  • और सामाजिक समन्वय मजबूत करने

पर विशेष बल दिया।

बैठक ने ग्रामीणों और पुलिस के बीच भरोसा और संवाद को और मजबूत किया तथा अपराध-मुक्त और सुरक्षित गांव बनाने का संकल्प पुनः दोहराया गया।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें