Sunday, April 19, 2026

श्रीमद भागवत कथा में पहुँचे इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’, भक्तों संग किया दिव्य कथा का श्रवण..

भिलाई। कैलाश नगर में इन दिनों भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है, जहाँ पूज्य महंत गोपाल शरण देवाचार्य जी महाराज के श्रीमुख से संगीतमयी श्रीमद् भागवत कथा का दिव्य आयोजन चल रहा है। कथा स्थल पर भक्तों की उपस्थिति निरंतर बढ़ रही है और पूरा परिसर “हरे राम हरे कृष्ण” के मन्त्रों से गुंजायमान हो उठा है।

इसी पावन कथा में आज सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’ ने पहुँचकर अपनी श्रद्धा प्रकट की। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ बैठकर भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य चरित, भक्तिमार्ग, धर्म और सदाचार की शिक्षाओं का श्रवण किया। कथा के दौरान महाराजश्री द्वारा प्रस्तुत आध्यात्मिक व्याख्याएँ, भक्ति-संगीत और सांस्कृतिक संदेश उपस्थित जनों को भावविभोर कर रहे थे।

इंद्रजीत सिंह ‘छोटू’ ने कहा कि—
“भागवत कथा सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लोककल्याण, सद्भाव, शांति और आत्मिक उन्नति का दिव्य मार्ग है। ऐसे आयोजनों से समाज में प्रेम, करुणा और आध्यात्मिकता की भावना सुदृढ़ होती है।”

उन्होंने कथा आयोजकों के सेवा-भाव, अनुशासन और उत्कृष्ट व्यवस्था की सराहना करते हुए भरोसा दिलाया कि समिति द्वारा भविष्य में आयोजित होने वाले धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों में वे सदैव अग्रणी भूमिका निभाते रहेंगे।

इस पावन अवसर पर समिति के सदस्य मलकित सिंह लल्लू, अनिल चौधरी, खिलावन सिंह चौहान, जोगा राव, रमन राव सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा स्थल भक्तिरस, भजन-कीर्तन और दिव्यता से सराबोर दिखाई दिया।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें