सोमनी स्वास्थ्य केंद्र को मिली 108 एम्बुलेंस, जनप्रतिनिधियों के प्रयास से ग्रामीणों को बड़ी राहत

राजनांदगांव। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोमनी में अब आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं और तेज हो जाएंगी। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह एवं राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय के प्रयासों से केंद्र को 108 एम्बुलेंस की सुविधा मिली है। यह एम्बुलेंस मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री द्वारा प्रदान की गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा।
आज सुबह 11 बजे भाजपा ग्रामीण मंडल के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं अस्पताल स्टाफ की उपस्थिति में एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया। इस मौके पर सहकारिता प्रकोष्ठ के मीडिया प्रभारी कृष्णा तिवारी, सोमनी की सरपंच नीलिमा साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

इस नई सुविधा से आसपास के गांवों के लोगों को आपात स्थिति में तत्काल अस्पताल पहुंचाने में बड़ी मदद मिलेगी। अब गंभीर मरीजों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा, जिससे इलाज में देरी की समस्या काफी हद तक कम होगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने भी इस पहल को राहत भरा कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और बेहतर होगी।

Exit mobile version