ध्वजारोहण के साथ दिया सामाजिक एकता, मानवता और राष्ट्र निर्माण का संदेश
दुर्ग। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मानव अधिकार सेवा संगठन ‘सेवांजलि’ द्वारा शहर के पटेल चौक में गरिमामय ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। पिछले लगभग 20 वर्षों से संगठन द्वारा पटेल चौक में स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस पर निरंतर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि युवा नेता संजय सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी एवं साहित्यकार कैलाश जैन बरमेचा, ऑल इंडिया लीनेस क्लब की प्रांतीय अध्यक्ष रश्मि अग्रवाल, दुर्ग जिले की लीनेस संस्था की अध्यक्ष आकांक्षा मिश्रा और समाजसेवी अनीता तिवारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवांजलि के अध्यक्ष जाहिद अली ने की।
देशभक्ति से ओतप्रोत हुआ वातावरण
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह से स्वागत और स्वतंत्रता सेनानियों के चित्रों पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद ‘वंदे मातरम्’ गायन के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और सामूहिक राष्ट्रगान हुआ। कोशिश स्टार म्यूजिकल एवं सोशल ग्रुप की पीयूषा मंनहरे, सूर्यकला शर्मा, तृप्ति साहू ने भी वंदे मातरम् और राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में मिठाई वितरण किया गया।
वक्ताओं ने रखे विचार
मुख्य अतिथि संजय सिंह ने कहा कि देश की आजादी स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग का परिणाम है। देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। सकारात्मक सोच और राष्ट्रप्रेम के साथ युवा आगे बढ़ें तो भारत को दुनिया में अग्रणी बनने से कोई नहीं रोक सकता।
साहित्यकार कैलाश जैन बरमेचा ने कहा कि जाति-पाति और धर्म से ऊपर उठकर मानवता को अपनाना ही सच्ची स्वतंत्रता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को देशप्रेम के साथ समानता और सामाजिक सद्भाव के संस्कार देने होंगे।
आकांक्षा मिश्रा ने कहा कि वास्तविक स्वतंत्रता तब होगी जब समाज शिक्षा, संस्कार और रोजगार में आगे बढ़ेगा। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने का आह्वान किया।
रश्मि अग्रवाल ने कहा कि आजादी के साथ जिम्मेदारियां भी आई हैं। सामाजिक सेवा, महिला सशक्तिकरण और आपसी भाईचारा ही राष्ट्रसेवा है।
समाजसेवी अनीता तिवारी ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को और देशभक्तिमय बनाया। इस अवसर पर कैलाश जैन बरमेचा ने उपस्थित लोगों को तिरंगा शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
दो दशक से जारी है परंपरा
सेवांजलि संगठन पिछले 20 वर्षों से पटेल चौक पर राष्ट्रीय पर्व मनाकर सामाजिक एकता का संदेश दे रहा है। कार्यक्रम में संगठन के महासचिव विनोद वाघ, सचिव विजय गुप्ता, कोषाध्यक्ष अजगर अली, हाजी इस्माइल चौहान, जॉर्ज, राजेश जैन, अयूब खान, अशोक पटवा, शायर नवेद रजा सहित ऑटो यूनियन पदाधिकारी, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से नसीम फारूकी ने कवरेज किया।
कार्यक्रम के अंत में महासचिव विनोद वाघ ने सभी का आभार व्यक्त किया।
