रायपुर में अत्याधुनिक कैंसर उपचार सुविधा शुरू, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 16 अगस्त 2026 को राजधानी रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल परिसर में अत्याधुनिक रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने नई इकाई में उपलब्ध उपचार सुविधाओं एवं अत्याधुनिक मशीनरी का अवलोकन किया और अस्पताल प्रबंधन व चिकित्सकों को इस पहल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने डॉ. संदीप दवे के भाई प्रदीप दवे को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि भी दी।

एक ही परिसर में मिलेगी जांच से उपचार तक सुविधा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल पिछले 36 वर्षों से छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहा है। डॉ. संदीप दवे के भाई का कैंसर से निधन होने की व्यक्तिगत पीड़ा ने इस संस्थान की स्थापना का संकल्प मजबूत किया। आज उसी संकल्प का परिणाम कैंसर इंस्टीट्यूट के रूप में सामने आया है।
उन्होंने कहा कि अब कैंसर मरीजों को एक ही परिसर में जांच, उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। निजी क्षेत्र की यह पहल प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को गति देगी। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेशवासियों को उपचार के लिए प्रदेश से बाहर न जाना पड़े।
स्क्रीनिंग और शुरुआती जांच जरूरी : डॉ. रमन सिंह
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि यह संस्थान सेवा और संवेदना का प्रतीक है। उन्होंने कैंसर की समय पर पहचान के लिए नियमित स्क्रीनिंग पर जोर दिया और कहा कि शुरुआती चरण में पहचान होने पर उपचार की संभावनाएं बेहतर हो जाती हैं। रामकृष्ण केयर में पहले से उपलब्ध सुविधाओं के साथ कैंसर उपचार जुड़ने से मरीजों को एक ही छत के नीचे व्यापक सेवाएं मिलेंगी।
15 मेडिकल कॉलेज और सुपर स्पेशलिटी से बढ़ा दायरा : स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राज्य गठन के समय छत्तीसगढ़ में केवल एक मेडिकल कॉलेज था। डॉ. रमन सिंह के प्रयासों से यह संख्या 10 हुई और विष्णु देव साय के नेतृत्व में अब 15 मेडिकल कॉलेज हो चुके हैं। इसी अवधि में सुपर स्पेशलिटी सेवाओं का भी विस्तार हुआ है।
उन्होंने बताया कि बस्तर और बिलासपुर में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल शुरू होने से गंभीर मरीजों को रायपुर रेफर करने की जरूरत कम हुई है। अब जगदलपुर में भी हृदय जैसी जटिल सर्जरी संभव हो रही है।
इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।