राजनांदगांव। प्रेस क्लब राजनांदगांव के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव रविवार को उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुए। इस चुनाव में अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष सहित तीन पदों के लिए मतदान कराया गया, जिसमें पत्रकारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। चुनाव परिणामों में सचिन अग्रहरि लगातार तीसरी बार अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए, वहीं अनिल त्रिपाठी सचिव और बसंत शर्मा कोषाध्यक्ष चुने गए।
अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में दो प्रत्याशियों के बीच सीधा संघर्ष देखने को मिला। इसमें सचिन अग्रहरि को 107 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कमलेश स्वर्णकार को 41 मत प्राप्त हुए। इस तरह सचिन अग्रहरि ने 66 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर एक बार फिर अध्यक्ष पद पर अपना दबदबा कायम रखा।
वहीं सचिव पद के चुनाव में अनिल त्रिपाठी को कुल 74 वोट मिले और उन्होंने जीत हासिल की। उनके प्रतिद्वंद्वी विक्रम बाजपेयी को 50, सुरेंद्र गुप्ता को 12, मनोज राठौड़ को 6 तथा योगेश शर्मा को 6 वोट मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर बसंत शर्मा ने 85 वोट प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके मुकाबले में रवि सिंह ठाकुर को 32 तथा प्रमोद शेंडे को 31 मत मिले।
प्रेस क्लब चुनाव में कुल 158 मतदाता थे, जिनमें से 148 सदस्यों ने मतदान कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान की प्रक्रिया चली, जिसके बाद दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू हुई और शाम 5 बजे तक सभी परिणाम घोषित कर दिए गए। इस चुनाव में मतदाताओं का उत्साह इतना अधिक रहा कि पहली बार 93.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कई मतदाताओं ने अस्वस्थता और व्यस्तता के बावजूद मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी निभाई।
चुनाव को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने में निर्वाचन अधिकारियों की अहम भूमिका रही। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता उमाकांत भारद्वाज, मनोज चौधरी, विमल हाजरा, मनीष तिवारी, सुनीता वर्मा, खेमराज वर्मा, नंदिनी, खुशी और नितिन साहू ने निर्वाचन प्रक्रिया का सफल संचालन किया।
जीत के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए तीसरी बार अध्यक्ष बने सचिन अग्रहरि ने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि प्रेस क्लब के सभी सदस्यों की जीत है। उन्होंने बताया कि पिछले दो कार्यकाल में पत्रकारों के लिए आवासीय परिसर का आवंटन और उसके विकास का महत्वपूर्ण कार्य कराया गया है। आने वाले कार्यकाल में बचे हुए कार्यों को पूरा करने के साथ ही उन पत्रकारों को भी आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने की प्राथमिकता होगी, जो अब तक इससे वंचित हैं। उन्होंने कहा कि इस बार भी पहले से बेहतर कार्य करने का प्रयास किया जाएगा।
सांध्य दैनिक अखबार नई दृष्टिबिंदु और खबर आलोक परिवार की ओर से आलोक तिवारी ने प्रेस क्लब राजनांदगांव के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सचिन अग्रहरि, सचिव अनिल त्रिपाठी और कोषाध्यक्ष बसंत शर्मा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं। साथ ही आशा व्यक्त की गई है कि नई टीम पत्रकार हितों और प्रेस क्लब के विकास के लिए प्रभावी व सकारात्मक कार्य करेगी।
