छात्राओं को बांटी गईं साइकिलें, पाठ्यपुस्तकें भी मिलीं निःशुल्क
सोमनी/राजनांदगांव। शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सोमनी में सोमवार को नवीन शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ शाला प्रवेशोत्सव के रूप में उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई।
प्राचार्य श्रीमती सविता अवस्थी ने स्वागत भाषण में शासन की मंशा और कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया। जन कल्याण सामाजिक संस्थान के अध्यक्ष योगेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रवेशोत्सव का उद्देश्य बच्चों के लिए भयमुक्त, आनंददायी व प्रेरणादायी वातावरण बनाना है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में शिक्षकों के साथ अभिभावकों और समुदाय की सहभागिता भी जरूरी है।
जिला पंचायत सदस्य अंगेश्वर देशमुख ने विद्यार्थियों को प्रावीण्य सूची में स्थान बनाकर गांव-जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उदाहरण दिया।

इस मौके पर नवप्रवेशी बच्चों का तिलक, पुष्प और मिठाई से स्वागत किया गया। विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित की गईं। छात्राओं को साइकिलें देकर नियमित स्कूल आने के लिए प्रोत्साहित किया गया। अतिथियों ने शिक्षा को सफलता का आधार बताते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन जी.डी. गुरु ने किया। इस दौरान शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कृष्णा तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार एवं भाजपा ग्रामीण मंडल सोमनी के महामंत्री रमन सिंह राजपूत, सरपंच सोमनी, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य उमेश साहू, अनंत राम श्रीवास, ईश्वर सार्वा, प्रधान पाठक खुमेश्वरी शर्मा, संकुल समन्वयक नरेश दुरुक्कर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद थे।