Monday, August 3, 2026

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने किया ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का देशव्यापी शुभारंभ

00 खैरागढ़ के विज्ञान भवन में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम, विद्यार्थियों एवं युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प

(यतेन्द्र जीत सिंह छोटू ब्यूरो चीफ जिला खैरागढ़)
खैरागढ़ : 
जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत विज्ञान भवन, डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खैरागढ़ में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन के लाइव प्रसारण से हुआ।। उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं युवाओं ने प्रधानमंत्री का प्रेरणादायी संदेश सुना।। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है और नशामुक्त समाज ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला बन सकता है।।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ नागरिक  शशांक ताम्रकार उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य अनुराग सिंह तथा सेजेस कन्या विद्यालय, खैरागढ़ के प्राचार्य कमलेश्वर सिंह उपस्थित रहे।। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है।। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, खेल, संस्कृति एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा नशे से दूर रहकर समाज के लिए प्रेरणा बनने का आह्वान किया।। उन्होंने कहा कि युवा यदि नशे से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेंगे तो विकसित भारत का सपना शीघ्र साकार होगा।।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत निर्माण की सामूहिक शपथ ली।। उन्होंने जीवनभर किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक खेल अधिकारी प्रिंकेश कश्यप, फुटबॉल कोच शीतांशु गुप्ता, समाज कल्याण विभाग के विनोद, आशीष पटेल, कुशाल सिंह, संजय श्रीवास्तव, कौशिक सर , नवीन ठाकुर सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय परिवार, माय भारत के स्वयंसेवक, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने संकल्प व्यक्त किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करेंगे।। सभी ने विकसित, स्वस्थ एवं जागरूक भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें