परीक्षा से पहले WhatsApp पर वायरल, छात्रों में आक्रोश
रायपुर/ राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां BSc द्वितीय वर्ष के एंटोमोलॉजी यानी कीट विज्ञान विषय का प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से पहले ही WhatsApp पर वायरल हो गया।
परीक्षा से पहले वायरल हुआ पेपर
जानकारी के अनुसार 20 अगस्त को होने वाली BSc 2nd ईयर की एंटोमोलॉजी परीक्षा का प्रश्नपत्र तय समय से पहले ही छात्रों के बीच WhatsApp के जरिए पहुंच गया। जैसे ही पेपर लीक की खबर फैली, छात्रों में हड़कंप मच गया।
परीक्षा देने पहुंचे कई छात्रों ने पेपर लीक मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। छात्रों का कहना है कि मेहनत करने वाले विद्यार्थियों के साथ यह अन्याय है।
जांच के बाद स्पष्ट होगा मामला
पेपर लीक कैसे हुआ और इसमें विश्वविद्यालय से जुड़े किसी कर्मचारी या अधिकारी की भूमिका है या नहीं, इसको लेकर अभी संशय बना हुआ है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही है। जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।
पेपर लीक की इस घटना ने IGKV की परीक्षा प्रणाली और गोपनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों ने मांग की है कि लीक हुए पेपर की परीक्षा रद्द कर पुनः परीक्षा कराई जाए ताकि सभी को समान अवसर मिल सके।
