00 अफीम, गांजा एवं तंबाकू की अवैध खेती पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश,
00 एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त वाहनों की राजसात एवं नीलामी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने पर जोर,
(यतेन्द्र जीत सिंह छोटू ब्यूरो चीफ जिला खैरागढ़)
खैरागढ़ : अफीम, गांजा एवं तंबाकू की अवैध खेती पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश।। जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय समिति (NCORD) की बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई।। बैठक में मादक पदार्थों की अवैध खेती, तस्करी, नशा मुक्ति एवं प्रवर्तन संबंधी विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।। बैठक में कलेक्टर ने राजस्व, वन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को अफीम, गांजा, तंबाकू सहित अन्य मादक पदार्थों की अवैध खेती की पहचान और रोकथाम के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए।। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को ऐसी फसलों की तस्वीरें एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि मैदानी स्तर पर निरीक्षण के दौरान अवैध खेती की समय पर पहचान कर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।।

कलेक्टर ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत जब्त किए गए वाहनों के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए राजसात एवं नीलामी की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।।
बैठक में जिले में संचालित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास सेवाओं की भी समीक्षा की गई।। कलेक्टर ने नशा मुक्ति हेतु संचालित पुनर्वास केंद्रों की क्षमता विस्तार, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा अधिक से अधिक प्रभावित व्यक्तियों को उपचार एवं परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।। इसके अलावा कलेक्टर ने लाइसेंस प्राप्त मेडिकल दुकानों एवं संस्थानों में नियंत्रित दवाओं के स्टॉक का नियमित भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।। उन्होंने कहा कि औषधि नियंत्रण विभाग निर्धारित अंतराल पर निरीक्षण कर स्टॉक का मिलान करे तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा की जा रही कार्यवाहियों की जानकारी प्रस्तुत की
कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रभावी कार्रवाई एवं जनजागरूकता गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।।