समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने विभागीय कार्यों की समीक्षा की, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

00 एग्रीस्टेक पंजीयन, फसल बीमा, सेवा सेतु, ई-ऑफिस, शिक्षा एवं कौशल विकास योजनाओं की प्रगति पर हुई विस्तृत समीक्षा,

खैरागढ़ : कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।।उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए आम नागरिकों से जुड़े मामलों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए।। बैठक में विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित प्रकरणों पर विशेष ध्यान देने तथा नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।।

बैठक में कलेक्टर ने एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसान पंजीयन की तहसीलवार प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शत-प्रतिशत पात्र किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल बीमा की स्थिति की जानकारी लेते हुए अंतिम तिथि से पूर्व अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ने पर जोर दिया।। साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण वितरण की प्रगति की भी समीक्षा करते हुए पात्र किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिले में संचालित कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी लेते हुए युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण से जोड़ने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने को कहा।।कलेक्टर ने सेवा सेतु के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा करते हुए सभी प्रकरणों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम जनदर्शन, सीएम जनशिकायत, सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य जन शिकायतों के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की और कहा कि नागरिकों की शिकायतों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए, ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके।। बैठक में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की आधार आधारित उपस्थिति (Aadhaar Attendance) की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी कार्यालय प्रतिदिन आने एवं जाने की उपस्थिति रिपोर्ट साझा करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमित एवं समय पर उपस्थिति दर्ज कराने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रोत्साहित एवं पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।। कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता एवं दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से कलेक्टर ने कहा कि सभी विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा फाइलों का संचालन केवल ई-ऑफिस के माध्यम से ही किया जाए।।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की डिजिटल व्यवस्था को पूर्ण रूप से अपनाते हुए कार्यों का त्वरित निष्पादन करें।। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्कूली विद्यार्थियों को गणवेश एवं पाठ्यपुस्तकों के वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पात्र विद्यार्थियों को समय पर सामग्री उपलब्ध कराने तथा वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।। इसके साथ ही विद्यार्थियों को साइकिल वितरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।। उन्होंने विद्यालय परिसरों में पोषण वाटिका (किचन गार्डन) विकसित करने के कार्यों की जानकारी लेते हुए लक्ष्य अनुरूप विद्यालयों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को पोषण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा सके।।
बैठक के अंत में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए।। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक योजना और सेवा की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े सभी कार्यों में गंभीरता, जवाबदेही और पारदर्शिता बनाए रखते हुए जिले में सुशासन की भावना को और मजबूत करें।।

Exit mobile version