देशवासियों के आस्था का केंद्र श्रीराम मंदिर में चढावे और चंदे की कथित चोरी का मामला बेहद गंभीर है: पूर्व विधायक छन्नी साहू
खैरागढ़ : अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा और चंदा चोरी के आरोपों को लेकर देशभर के साथ छत्तीसगढ़ की राजनीति भी गरमा गई है।। प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर पार्टी ने पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है और इस मुद्दे को जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी में जुट गई है।। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी खैरागढ़ ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता आयोजित कर केंद्र सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।।
पत्रकार वार्ता में मुख्य वक्ता के रूप में छुरिया की पूर्व विधायक एवं कार्यक्रम प्रभारी छन्नी साहू, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव मयूरी सिंह तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू उपस्थित रहे।।
करोड़ों देशवासियों की आस्था के केंद्र श्रीराम मंदिर में चढ़ावा और चंदे की कथित चोरी का मामला बेहद गंभीर है
पूर्व विधायक छन्नी साहू ने आरोप लगाया कि यह किसी बाहरी व्यक्ति की करतूत नहीं, बल्कि मंदिर ट्रस्ट से जुड़े लोगों पर ही संदेह जताया जा रहा है।।उन्होंने कहा कि अब तक सरकार न तो आरोपियों को सामने ला सकी है और न ही यह स्पष्ट किया गया है,कि आखिर कितनी राशि अथवा कितने आभूषणों की चोरी हुई है।। उन्होंने सरकार से पूरे मामले का शीघ्र खुलासा करने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी।।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू ने कहा कि श्रीराम मंदिर के निर्माण में देश के गरीब से लेकर अमीर तक हर वर्ग के लोगों ने अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार चंदा दिया था। ऐसे में चढ़ावे और चंदे में गड़बड़ी के आरोप प्रत्येक रामभक्त की भावनाओं से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि जनता का विश्वास कायम रह सके।।
महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव मयूरी सिंह ने इसे अत्यंत शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस कथित घटना से करोड़ों रामभक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं।।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी और इस मुद्दे को लगातार जनता के बीच उठाती रहेगी।।
श्रीराम मंदिर में चढावे और चंदा चोरी के मामले में पत्रकार वार्ता कर आंदोलन को और तेज करने के संकेत दिए
गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व जिला कांग्रेस ने खैरागढ़ जिला मुख्यालय में रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की थी और कथित चंदा चोरी मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।।अब पत्रकार वार्ता के माध्यम से कांग्रेस ने एक बार फिर इस मुद्दे को जोरदार ढंग से उठाते हुए अपने आंदोलन को और तेज करने के संकेत दिए हैं।।
पत्रकार वार्ता में शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष गंडई मन्नू चंदेल,नगर पंचायत अध्यक्ष गंडई टाकेश्वर शाह खूसरों,जितेंद्र सिंह गौर, विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन, सुशीलकांत पांडे, देवराज किशोर दास, आकाशदीप सिंह, भीखम छाजेड़, सज्जाक खान, संजू चंदेल,यतेन्द्र जीत सिंह, रविन्द्र सिंह गहरवार,किशन रजक, रिंकू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।।




