प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की पत्रकारों से चर्चा

  • भाजपा धान खरीदी की विफलता से ध्यान भटकाने स्तरहीन राजनीति कर रही
  • सरकार किसानों को 3286 रू. की दर से भुगतान करे
  • 57,000 शिक्षकों की एकमुश्त भर्ती निकाली जाए

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने सोशल मीडिया में एक पोस्टर जारी करके यह बताया है कि धान खरीदी में कांग्रेस नेताओं को उनके परिजनों को कितना भुगतान हुआ है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि यह भाजपा की स्तरहीन राजनीति है। यदि हम और हमारे नेता किसान है तो स्वाभाविक है कि हमारे उपज की कीमत हमें मिलेगी। भाजपा ने कोई खैरात नहीं दिया है, यह हमारे खून पसीने की कमाई का पैसा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के नाम घोषित कर दिये, क्या भाजपा में किसान नहीं है, न भाजपा नेताओं ने धान नहीं बेचा है। भाजपा में साहस है तो वह मुख्यमंत्री साय, किरण देव, रमन सिंह, अजय चंद्राकर, धरमलाल कौशिक जैसे नेताओं ने कितना भुगतान प्राप्त किया उसको भी सार्वजनिक करें।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार ने 7 लाख किसानों का धान नहीं खरीदा लाखों किसानों का रकबा सरेंडर करवा दिया, अंतराशि में 2600 करोड़ कम दिया। अब स्तरहीन बयानबाजी कर मुद्दे से ध्यान भटका रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि साय सरकार ने किसानों के खाते में आधा अधूरा अंतर राशि डाला है। यह अंतर राशि समर्थन मूल्य और 3100 रू. घोषित मूल्य के बीच की राशि है। जबकि दो सालों में धान के समर्थन मूल्य में 117+89 = 206 रू. की बढ़ोत्तरी हुई। अतः सरकार अंतराशि की गणना 3286 के आधार पर की जानी चाहिए। सरकार 3100 के हिसाब से कीमत देकर सरकार किसानों से धोखा कर रही है। 1 एकड़ में 21 क्विंटल के हिसाब से खरीदी हुई। इस प्रकार 21X186 = 3906 रू. प्रति एकड़ सरकार किसानों को नहीं दे रही। इस वर्ष 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है। इस हिसाब से किसानों का 2622 करोड़ रू. सरकार नहीं दे रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने 5,000 शिक्षक भर्ती पर सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में 57,000 शिक्षकों के पद खाली है। सरकार सिर्फ 5,000 शिक्षकों की भर्ती निकालने जा रही है यह प्रदेश के युवाओं के साथ धोखा है। कांग्रेस मांग करती है कि सरकार एकमुश्त 57,000 शिक्षक भर्ती निकाले।

Exit mobile version