गणतंत्र दिवस पर सर्व समाज को समर्पित स्थल अब बना सामाजिक सेवा का केंद्र, निर्मलकर परिवार की बेटी का विवाह बना मिसाल
भिलाई। आर्य नगर, कोहका स्थित “बीरा जी के अंगना” एक बार फिर सामाजिक समरसता और सेवा का प्रतीक बनकर सामने आया, जब यहां निर्मलकर परिवार की पुत्री का विवाह संपन्न हुआ। यह वही स्थल है, जिसे गणतंत्र दिवस के अवसर पर हजारों लोगों की उपस्थिति में सर्व समाज को समर्पित किया गया था।
सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू द्वारा अपने स्वर्गीय पिता वीरा सिंह के सपनों को साकार करते हुए बनाए गए इस डोम शेड को गरीब, जरूरतमंद और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया था। आज यह संकल्प हकीकत में बदलता नजर आया, जब कोहका के निर्मलकर परिवार ने अपनी बेटी का विवाह इसी “बीरा जी के अंगना” में सम्पन्न कराया।

आज के समय में जहां निजी विवाह भवनों का खर्च आमजन के लिए भारी पड़ता है, वहां इस तरह का निःशुल्क सामाजिक स्थल समाज के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस पहल ने न केवल एक परिवार को सहारा दिया, बल्कि पूरे क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश भी पहुंचाया है।
“बीरा जी के अंगना” को शादी-विवाह, रामायण पाठ, भागवत कथा और अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों के लिए समर्पित किया गया है। गणतंत्र दिवस पर हुए लोकार्पण के बाद से यहां कई छोटे आयोजन हो चुके हैं, लेकिन बेटी के विवाह जैसे बड़े आयोजन ने इस पहल को नई पहचान दी है।
इंद्रजीत सिंह छोटू की इस पहल को शहरभर में सराहा जा रहा है। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक भवन नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को जोड़ने वाला मंच है, जो सामाजिक समानता और सहयोग की भावना को मजबूत कर रहा है।
इसी कड़ी में हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2083 के अवसर पर सेक्टर-09 चौक, भिलाई में भव्य बाइक रैली के साथ विशाल भगवा ध्वज की स्थापना की गई। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और भव्य महाआरती में शामिल होकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
पूरे आयोजन ने यह साबित कर दिया कि जब संकल्प समाज के लिए हो, तो उसका प्रभाव दूर तक दिखाई देता है। “बीरा जी के अंगना” आज उसी संकल्प की सजीव मिसाल बन चुका है।
जय श्रीराम