महिला के रूप में ध्वजारोहण करने वाली बनीं पहली महिला
दुर्ग। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर के प्रसिद्ध सूफी संत बाबा अब्दुल रहमान शाह काबुली रहमतुल्लाह अलैह की पवित्र दरगाह पर गरिमामय ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। इस वर्ष लीनेस क्लब दुर्ग जिला की अध्यक्ष एवं समाजसेवी आकांक्षा मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि शहर के इस प्रमुख सूफी दरबार में महिला के रूप में ध्वजारोहण करने का गौरव आकांक्षा मिश्रा को प्राप्त हुआ। तिरंगा फहराते ही दरगाह परिसर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत हो उठा।
राष्ट्रगान के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान से हुआ। इसके पश्चात आकांक्षा मिश्रा ने ध्वजारोहण किया। उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देकर देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संकल्प लिया।
दरगाह के प्रमुख खादिम अनवर अली ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर प्रतिवर्ष दरगाह परिसर में राष्ट्रध्वज फहराकर देश के प्रति सम्मान व्यक्त किया जाता है। इस वर्ष आकांक्षा मिश्रा को ध्वजारोहण का अवसर देना महिला सम्मान और सामाजिक समरसता की दृष्टि से विशेष रहा।
सामाजिक सद्भाव का दिया संदेश
इस अवसर पर दरगाह परिसर में धर्म, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का सुंदर संदेश देखने को मिला। आकांक्षा मिश्रा के ध्वजारोहण ने यह संदेश दिया कि राष्ट्रध्वज के सम्मान में समाज के प्रत्येक वर्ग की समान भागीदारी है और महिलाएं भी राष्ट्रीय दायित्वों में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में अनवर अली, शरीफ खान, कासिम अली, साहित्यकार कैलाश जैन बरमेचा, सेवांजलि के अध्यक्ष जाहिद अली, अयूब खान, हाजी इस्माइल चौहान, आरिफ राजा, साबिर, सूर्यमणि, संजय दुबे, अशोक पटवा, अकरम सौदागर, अबरार, अनीश राजा, रेखराज सोनी, अखिल कुमार, आसिफ अली, अविनाश तिवारी, शायर नवेद रजा दुर्गवी, पीयूषा मनहरे, सूर्यकला शर्मा, तृप्ति साहू और समाजसेवी अनीता तिवारी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
उपस्थित लोगों ने आकांक्षा मिश्रा को इस ऐतिहासिक अवसर के लिए बधाई दी और राष्ट्र की एकता व सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लिया।




