Monday, April 20, 2026

आम आदमी पार्टी ने उठाई खुर्सीपार कन्या विद्यालय को बचाने की आवाज़; मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को लिखा पत्र

भिलाई: आम आदमी पार्टी भिलाई के नेता जसप्रीत सिंह ने खुर्सीपार स्थित BSP कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को बंद करने के निर्णय का कड़ा विरोध किया है। इस संबंध में उन्होंने प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर स्कूल को यथावत संचालित रखने की मांग की है।

निजी स्कूलों को फायदा पहुँचाने की कोशिश : जसप्रीत सिंह
जसप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि BSP प्रबंधन द्वारा 1976 से चल रहे इस ऐतिहासिक स्कूल को बंद करना गरीब और मध्यम वर्गीय बेटियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि “यदि इसी प्रकार सरकारी और सार्वजनिक उपक्रमों के स्कूल बंद होते रहे, तो क्षेत्र में प्राइवेट स्कूलों का दबदबा बढ़ जाएगा। निजी स्कूलों की भारी-भरकम फीस चुकाना गरीब अभिभावकों के बस के बाहर है।”

क्षेत्र में अच्छे स्कूलों का अभाव
जसप्रीत सिंह ने मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि खुर्सीपार क्षेत्र में वर्तमान में अन्य कोई अच्छे विकल्प मौजूद नहीं हैं। जो भी अच्छे स्कूल हैं, वे यहाँ से कई किलोमीटर की दूरी पर हैं, जिससे छात्राओं की सुरक्षा और आवागमन की समस्या बढ़ेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आम जनता को RTE (शिक्षा के अधिकार) के तहत प्रवेश लेने में भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

बेटियों के भविष्य पर संकट
जसप्रीत सिंह ने कहा, “एक ओर सरकार ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा देती है, वहीं दूसरी ओर बेटियों के लिए बने एकमात्र सुरक्षित कन्या विद्यालय को बंद करने की तैयारी की जा रही है। ये बच्चियां ही देश का भविष्य हैं, और शिक्षा का मंदिर बंद होने से उनकी प्रगति रुक जाएगी।”
आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि BSP प्रबंधन और शासन ने इस स्कूल को बचाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए और नए प्रवेश (Admission) पुनः शुरू नहीं किए, तो वे जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

ताज़ा ख़बरें

खबरें और भी हैं...

अतिरिक्त ख़बरें