लेडी विंग चेयरपर्सन की जिम्मेदारी कल्पना देवांगन को, अंकित शाह सचिव और जीएसएम वम्सी बने कोषाध्यक्ष
भिलाई। अंतरराष्ट्रीय संस्था जेसीआई दुर्ग-भिलाई के सत्र 2027 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। संस्था के अध्यक्ष पद पर जेसी हिमांशु देवांगन सर्वसम्मति से निर्वाचित हुए हैं। वहीं, लेडी विंग चेयरपर्सन की जिम्मेदारी कल्पना देवांगन को सौंपी गई है। नई टीम ने संस्था की गतिविधियों को विस्तार देने और व्यक्तित्व विकास, सामाजिक सेवा तथा सामुदायिक कार्यों को नई दिशा देने का संकल्प लिया है।
क्रॉसरोड रेस्टोरेंट के सभागार में 1 नवंबर को आयोजित चुनाव प्रक्रिया में सत्र 2027 के लिए टीम ‘इन्फाइनाइट’ का गठन किया गया। चुनाव अधिकारी जेसी आलोक अग्रवाल ने निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नई कार्यकारिणी की घोषणा की और निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए।
नई कार्यकारिणी में जेसी अंकित शाह को सचिव और जेसी जीएसएम वम्सी को कोषाध्यक्ष चुना गया। उपाध्यक्ष पदों पर जेसी तोरण अटल, जेसी गौतम देशलहरा, जेसी गुंजा पिंचा, जेसी अतुल जैन, जेसी सुजय जसूजा और जेसी अंकित मित्तल को जिम्मेदारी दी गई। वहीं, जेसी आशीष तैलंग को पीआरओ, जेसी अमित मेश्राम को ग्रीटर और विवेक संघवी को जेसी वीक डायरेक्टर नियुक्त किया गया। इसके अलावा नई कार्यकारिणी में 30 डायरेक्टर्स भी नियुक्त किए गए हैं।

देशभर में जेसीआई दुर्ग-भिलाई को अग्रणी बनाने का लक्ष्य
नवनिर्वाचित अध्यक्ष जेसी हिमांशु देवांगन ने कहा कि जेसीआई की परंपराओं के अनुरूप सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को साथ लेकर कार्य किया जाएगा। संस्था के माध्यम से ट्रेनिंग, बिजनेस, कम्युनिटी सर्विस और अन्य रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास जेसीआई दुर्ग-भिलाई को विशिष्ट रचनात्मक कार्यों के जरिए पूरे देश में अग्रणी बनाने का रहेगा। इसके लिए उन्होंने पूर्व पदाधिकारियों और सभी सदस्यों से सक्रिय सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम की शुरुआत निवर्तमान अध्यक्ष जेसी संतोष कुमार के स्वागत भाषण से हुई। इसके बाद चुनाव अधिकारी जेसी आलोक अग्रवाल ने निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी दी। सर्वसम्मति से चुनाव संपन्न होने के बाद उपस्थित सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया और उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर संस्था के वरिष्ठ पूर्व अध्यक्ष राजेश सांखला, प्रशांत गोलछा, रजनीश जायसवाल, योगेश राठी और आलोक अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संस्था के सचिव जेसी तोरण अटल ने आभार व्यक्त किया।




