भिलाई, दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी पश्चिम मंडल, जिला भाजपा भिलाई की संगठनात्मक गतिविधियों के अंतर्गत भिलाई नगर विधानसभा प्रभारी एवं स्काउट्स एवं गाइड छत्तीसगढ़ के प्रदेश मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा (गोल्डी) जी ने पश्चिम मंडल के वरिष्ठ भाजपा नेताओं भिखारी महतो, प्रयाली वॉलसन, अमरजीत सिंह चहल जी एवं युवा नेता मनीष पांडे से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की।

इस दौरान खालसा ने संगठनात्मक विषयों, आगामी निगम चुनाव, बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार तथा कार्यकर्ताओं की भूमिका सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा की। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के विचारों को गंभीरता से सुना तथा उनका कुशलक्षेम भी जाना।
इसके पश्चात महाराणा प्रताप भवन, सेक्टर-7, भिलाई में भारतीय जनता पार्टी पश्चिम मंडल की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, आगामी नगरीय निकाय चुनावों की तैयारी एवं विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर भाजपा पश्चिम मंडल अध्यक्ष गोल्डी सोनी, मंडल महामंत्री बी. पद्मनाभन, मंडल मीडिया प्रभारी रेहान अहमद, सह मीडिया प्रभारी सुजीत कुमार सोनवानी, वरिष्ठ भाजपा नेता रामकुमार गुप्ता, डॉ. प्रदीप चौधरी, गोपाल कृष्ण वर्मा, मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रभारी एवं विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।




