उतई। दिनांक 10 मार्च 2026 को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र भिलाई में 57वां स्थापना दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षण केंद्र परिसर में भव्य परेड का आयोजन किया गया। परेड की सलामी केंद्र के वरिष्ठ कमांडेंट एवं प्राचार्य अखिलेश कुमार शुक्ला ने ली।
परेड में कुल छह प्लाटूनों की टुकड़ियों ने भाग लिया, जिसका नेतृत्व परेड कमांडर निरीक्षक/कार्यवाहक मुकेश पाण्डेय ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारीगण, पत्रकार, बल सदस्य, प्रशिक्षार्थी, महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में वरिष्ठ कमांडेंट शुक्ला ने उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने परेड में भाग लेने वाले बल सदस्यों और प्रशिक्षार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि CISF इस वर्ष अपनी स्थापना का 57वां वर्ष मना रहा है। इस अवसर पर पूरे वर्ष विभिन्न रचनात्मक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने देश के बदलते सुरक्षा परिदृश्य में CISF की बढ़ती जिम्मेदारियों और महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस का यह पर्व तभी सार्थक होगा, जब हम सभी एकता, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हुए अन्याय, अत्याचार और अराजकता जैसी प्रवृत्तियों को दूर करने का संकल्प लें।
उन्होंने आगे कहा कि इस पावन अवसर पर आपसी प्रेम, समन्वय और मैत्री के बीज बोने चाहिए। यही हमारी वास्तविक सफलता होगी और यही उन शहीद देशभक्तों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि भी होगी, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।
अंत में वरिष्ठ कमांडेंट श्री शुक्ला ने सभी बल सदस्यों से आह्वान किया कि वे दृढ़ चरित्र, ईमानदारी और स्वच्छ सार्वजनिक जीवन को अपनाते हुए जाति और मजहब की संकीर्णताओं से ऊपर उठकर राष्ट्र की उन्नति और विकास के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने का संकल्प लें।




